शादी से इनकार पर भड़की युवती, साथियों के साथ युवक के घर में घुसकर की मारपीट
रुड़की के कोतवाली सिविल लाइंस क्षेत्र के दुर्गा कॉलोनी में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने पुलिस को बताया कि एक युवती ने अपने दो साथियों के साथ उसके घर में घुसकर मारपीट की और उसके बेटे पर शादी का दबाव डाला। महिला का बेटा लखनऊ में एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत है।
महिला ने बताया कि उसके बेटे की मुलाकात एक मोबाइल ऐप के जरिए इस युवती से हुई थी। दोनों के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत हुई और शादी की बात भी हुई थी। हालांकि, जब महिला ने लड़की का फोटो देखा, तो उसे इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो मिली, जिसमें लड़की ने धर्म परिवर्तन कर एक मुस्लिम युवक से निकाह किया है। इस मामले में थाना गुडंबा लखनऊ में एक मुकदमा भी दर्ज है।
इसके बाद युवती अपने दो साथियों के साथ घर में घुस आई और जबरन शादी के लिए दबाव बनाने लगी। उसने जान से मारने की धमकी भी दी और लगातार फोन पर धमकाने का सिलसिला जारी रखा। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित अंकुरिता, अंकित और हर्ष के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
