मुफ्त जांच का दावा खोखला! धनबाद सदर अस्पताल में अब डेंगू और प्रेग्नेंसी टेस्ट के लिए भी चुकाने होंगे पैसे
धनबाद के सदर अस्पताल में अब प्रेग्नेंसी जांच मुफ्त नहीं होगी। इसके साथ ही डेंगू टेस्ट के लिए भी शुल्क देना होगा। पहले ये सेवाएं निशुल्क थीं।
सदर अस्पताल में विभिन्न पैथोलॉजी जांच के लिए चार्ज लागू कर दिए गए हैं। बेसिक जांच जैसे सुगर व प्रेग्नेंसी जांच के लिए भी पैसे लिए जा रहे हैं। अस्पताल प्रबंधन की ओर से रेट चार्ट लागू होने से अब यहां आने वाले मरीजों को हर जरूरी जांच के लिए अलग-अलग दर चुकाने पड़ रहे हैं।
डेंगू, टीबी आदि को सरकार ने नोटिफाइड बीमारी घोषित की है। ऐसे जांच के लिए दर लागू नहीं किए जा सकते हैं। लेकिन यहां पर इसके लिए चार्ज लग रहे हैं। जबकि मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में डेंगू, चिकनगुनिया, कोविड आदि जांच के लिए कोई राशि नहीं ली जाती है।
मरीजों का कहना है कि पहले यहां जांच कराया था, पैसे नहीं लिए गए थे। प्रेग्नेंसी जांच के लिए भी सदर में पैसे लिए जा रहे हैं। इस आदेश को वापस लेना चाहिए क्योंकि सभी सरकारी अस्पताल व केंद्रों में यह निशुल्क है।
अस्पताल प्रबंधन का तर्क है कि पैथोलॉजी जांच के लिए ली जा रही फीस बाजार में होने वाली जांच से बहुत ही कम है। जांच के लिए जरुरी केमिकल व किट की आपूर्ति सरकार से नहीं होती है। इसलिए शुल्क लागू किया गया है। बीपीएल और राशन कार्ड धारी को पैसे नहीं देने हैं।
