उत्पाद टीम पर हत्या का आरोप, घुटने भर पानी में युवक की लाश मिलने से भड़के ग्रामीण
गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर लखैपुर सड़क मार्ग पर गुरुवार की सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब अवैध शराब ले जा रहे एक युवक की आहर (तालाब) में डूबने से मौत हो गई। टेंगैनी गांव के संतोष यादव उर्फ संटू (25) और उसका साथी कृष्ण कुमार यादव बाइक पर शराब लादकर राजबीघा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने उन्हें रोकने की कोशिश की।
सूत्रों के अनुसार, उत्पाद टीम को देखते ही दोनों युवक घबरा गए और बाइक छोड़कर भागने लगे। भागने की अफरातफरी में संटू यादव पास के आहर में कूद गया। आरोप है कि उत्पाद विभाग की टीम ने संटू को पानी में ही छोड़ दिया और उसके साथी कृष्ण कुमार को शराब के साथ गिरफ्तार कर मौके से चली गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि उत्पाद टीम चाहती तो संटू को डूबने से बचा सकती थी, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।
कुछ देर बाद जब ग्रामीणों को युवक के डूबने की जानकारी मिली तो बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को आहर से बाहर निकाला। इस घटना की खबर फैलते ही मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। परिजनों ने उत्पाद विभाग पर युवक को पीट-पीटकर जान से मारने और फिर शव को पानी में फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जिस स्थान पर शव मिला, वहां पानी केवल घुटनों तक था और युवक के शरीर पर चोट के निशान भी थे, जो डूबने से मौत होने की बात को संदिग्ध बनाते हैं।
आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने राजबीघा के पास मुख्य सड़क को सुबह छह बजे से शाम चार बजे तक जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। प्रदर्शनकारी उत्पाद विभाग के अधिकारियों और छापेमारी में शामिल पुलिस पदाधिकारियों को तत्काल मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर वजीरगंज एसडीपीओ सुनील कुमार पांडेय दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया, जिसके बाद सड़क जाम हटाया गया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
