0

तीन युद्धों के नायक कैप्टन प्रहलाद सिंह देव का निधन, देश ने खोया बहादुर सपूत

By Nov 15, 2025

लोहाघाट। देश के लिए तीन बड़े युद्धों में अपनी अदम्य वीरता का प्रदर्शन करने वाले 88 वर्षीय कैप्टन (सेवानिवृत्त) प्रहलाद सिंह देव का शनिवार को निधन हो गया। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। कैप्टन देव ने 1962 के चीन युद्ध के साथ-साथ 1965 और 1971 के पाकिस्तान युद्धों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, जहां उन्होंने दुश्मनों से लोहा लिया था।

कैप्टन प्रहलाद सिंह देव ने भारतीय सेना में 32 वर्षों तक सेवा दी। विशेष रूप से 1962 के चीन युद्ध के दौरान उन्होंने विषम परिस्थितियों में भी दिलेरी के साथ मोर्चा संभाला। इसके बाद 1965 और 1971 में पाकिस्तान के साथ हुए युद्धों में भी उनकी बहादुरी और रणनीतिक सूझबूझ ने सेना को महत्वपूर्ण सफलताएं दिलाईं। वे छह कुमाऊं रेजीमेंट में कमांडो इंस्पेक्टर भी रहे, जहां उन्होंने देश के लिए अनेक जांबाज कमांडो को प्रशिक्षण देकर तैयार किया। उनका यह योगदान देश की सुरक्षा के प्रति उनकी अटूट निष्ठा को दर्शाता है।

कैप्टन देव के निधन पर राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की कई हस्तियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। विधायक खुशाल अधिकारी, पूर्व विधायक पूरन फर्त्याल, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी और प्रमुख महेंद्र ढेक ने उनके निधन को देश के लिए एक बड़ी क्षति बताया। उन्होंने कहा कि कैप्टन देव का जीवन युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। कैप्टन देव के बेटे भूपेंद्र सिंह देव स्वयं एक राज्य आंदोलनकारी और कर्मचारी नेता हैं।

देर शाम रामेश्वर घाट पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और सेना के जवान मौजूद रहे। कैप्टन प्रहलाद सिंह देव को अंतिम विदाई देते हुए सभी की आंखें नम थीं। देश हमेशा उनके शौर्य और बलिदान को याद रखेगा।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें