एटीएम लुटेरों ने पुलिस को दी चकमा, टोल प्लाजा से बचकर निकले शातिर बदमाश
मुरादाबाद से एटीएम चोरी करने वाले बदमाशों ने पुलिस को चकमा देने के लिए पूरी तैयारी कर रखी थी। पुलिस का अनुमान था कि बदमाश कार से सीधे हाईवे होते हुए निकल जाएंगे, लेकिन जोया टोल प्लाजा की सीसीटीवी फुटेज ने इस अनुमान को गलत साबित कर दिया है। अमरोहा पुलिस द्वारा डेढ़ घंटे की फुटेज खंगालने के बाद भी बदमाशों की कार उसमें नजर नहीं आई, जबकि वे हाईवे से होते हुए अतरासी तक पहुँच गए थे।
सूत्रों के अनुसार, यह घटना सोमवार रात मुरादाबाद के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में हुई, जहाँ बदमाशों ने एक एटीएम को निशाना बनाया। मंगलवार सुबह वह एटीएम अमरोहा के रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव अतरासी के जंगल में लावारिस हालत में मिला। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार को ट्रेस कर लिया है, लेकिन बदमाशों ने पुलिस को गच्चा देने के लिए हाईवे का रास्ता नहीं अपनाया। यह बात जोया टोल प्लाजा की सीसीटीवी फुटेज से स्पष्ट हुई है।
घटना के बाद पुलिस यह मान रही थी कि बदमाश हाईवे से होते हुए सीधे दिल्ली की ओर भागे होंगे। लेकिन डेढ़ घंटे की फुटेज में ब्रीजा कार का कहीं भी नजर न आना इस थ्योरी को खारिज करता है। ऐसे में यह माना जा रहा है कि बदमाश अमरोहा जिले की भौगोलिक स्थिति से अच्छी तरह वाकिफ थे और उन्होंने हाईवे से हटकर स्थानीय संपर्क मार्गों का इस्तेमाल किया।
संभवतः बदमाश घटना को अंजाम देने के बाद पाकबड़ा से कैलसा होते हुए अमरोहा नगर से होकर अतरासी तक पहुंचे होंगे, और फिर वहां से किसी अन्य मार्ग से हाईवे पर निकले होंगे। एक अन्य संभावना यह भी है कि वे हाईवे पर जोया से अमरोहा रोड और फिर अमरोहा से होते हुए अतरासी तक पहुंचे हों। इन रास्तों का इस्तेमाल करके वे टोल प्लाजा की फुटेज से बच निकलने में सफल रहे।
यह भी आशंका जताई जा रही है कि यह वही गैंग हो सकता है जिसने पंद्रह दिन पहले मुरादाबाद में पेट्रोल पंप पर लूटपाट की थी। वह गैंग भी नोएडा से मुरादाबाद होकर हसनपुर से अतरासी हाईवे पर पहुंचा था। अब अमरोहा पुलिस, मुरादाबाद पुलिस के साथ मिलकर सभी संभावित रास्तों की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों तक पहुंचा जा सके।
मंगलवार सुबह अतरासी के जंगल में बरामद हुए एटीएम को थाना पुलिस ने लावारिस में दर्ज कर लिया है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है। सीओ अभिषेक यादव ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच में प्रथम दृष्टया कोई ठोस सुराग नहीं मिला है, लेकिन अन्य स्थानों की फुटेज भी देखी जा रही है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
