बांकेबिहारी मंदिर में अतिक्रमण पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’! सालों पुराना जूताघर हटा, दुकानदारों में हड़कंप
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में भीड़ नियंत्रण से लेकर व्यवस्थाओं में सुधार में जुटी मंदिर उच्चाधिकार प्रबंधन समिति ने मंदिर चबूतरे पर हो रहे दुकानों के अतिक्रमण को हटाने की योजना बनाई है। समिति के अध्यक्ष सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति अशोक कुमार ने गुरुवार को मंदिर क्षेत्र का निरीक्षण कर चबूतरे पर हो रहे अतिक्रमण को हटाने के निर्देश पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को दिए और नोटिस चस्पा कर दिए।
हालांकि, इस बीच सेवायतों ने विरोध दर्ज कराया, तो अध्यक्ष ने अपने आदेश वापस लेकर 15 दिसंबर को प्रस्तावित बैठक में इस मामले को रखकर समिति के संयुक्त आदेश के बाद अतिक्रमण हटवाने का निर्णय लिया। इसी के साथ मंदिर चबूतरे पर करीब पांच दशक पहले स्थापित किए गए जूताघर को हटा दिया गया। यह जूताघर पिछले चार वर्ष पहले जब मंदिर में श्रद्धालुओं की एंट्री वनवे रूट से कर दी गई थी, तब से बंद पड़ा था।
प्रबंधन द्वारा जूताघर को हटाकर दुकानदारों को अपने अतिक्रमण हटाने का स्पष्ट इशारा कर दिया गया है। यह कदम मंदिर परिसर को श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। प्रबंधन समिति का लक्ष्य मंदिर के चबूतरे को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त करना है ताकि भक्तों को दर्शन करने में आसानी हो सके।
