गयाजी में स्कॉलरशिप के लिए उमड़े छात्र, 1.18 लाख से ज्यादा आवेदन; 10 दिसंबर है आखिरी मौका!
गयाजी जिले में पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए 1.18 लाख से अधिक छात्रों ने आवेदन किया है। यह छात्रवृत्ति योजना अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़े वर्ग और अल्पसंख्यक समुदाय के योग्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करती है।
मैट्रिक परीक्षा पास करने के बाद उच्च शिक्षा जारी रखने में आर्थिक बाधाओं का सामना कर रहे विद्यार्थियों के लिए सरकार की यह योजना किसी संबल से कम नहीं है। जिला शिक्षा पदाधिकारी कृष्ण मुरारी गुप्ता ने बताया कि जिले में अब तक 1,18,710 छात्र-छात्रा द्वारा ऑनलाइन आवेदन जमा किया जा चुका है, जो इस योजना की उपयोगिता और लोकप्रियता को दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति का लाभ लेने के इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित दस्तावेजों के साथ समय पर आवेदन भरें, ताकि छूट के कारण उन्हें लाभ से वंचित न होना पड़े। आवेदन की अंतिम तिथि 10 दिसंबर निर्धारित की गई है। इसके बाद पोर्टल बंद हो जाएगा और विलंबित आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
उन्होंने सभी विद्यालयों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के छात्र-छात्रा को आवेदन प्रक्रिया की पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं तथा जिन विद्यार्थियों के पास तकनीकी सुविधा नहीं है, उन्हें विद्यालय स्तर पर सहयोग प्रदान किया जाए। सरकार की इस पहल से जिले में शिक्षा का स्तर तेजी से सुधर रहा है। स्थानीय शिक्षकों का कहना है कि यह योजना न केवल आर्थिक सहायता देती है, बल्कि गरीब और वंचित तबके के बच्चों में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास भी जगाती है।
