मसूरी में विकास की बहार: 20 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास, मंत्री जोशी ने कही ये बात
उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति प्रदान करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। शनिवार को उन्होंने लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया, जिसका उद्देश्य क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाना है।
सालावाला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्री जोशी ने तीन प्रमुख परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इनमें सालावाला पुल से विजय कॉलोनी पुल तक मुख्य मार्ग के उन्नयन का कार्य (लागत 11.71 करोड़ रुपये), रविंद्रपुरी देहरादून सीवरेज योजना (लागत 2.69 करोड़ रुपये) और जिला पंचायत क्षेत्र चंद्रोटी में ग्राम पंचायतों की आंतरिक सड़कों का निर्माण कार्य (लागत 4.72 करोड़ रुपये) शामिल हैं।
कैबिनेट मंत्री जोशी ने इन योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के मंत्र को आत्मसात करते हुए प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जल्द से जल्द कार्य शुरू करें और गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करें। कार्यक्रम में भाजपा के कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
