15 साल पैमाइश में लगाए, अब शिलान्यास के बाद गायब हुआ विभाग; अयोध्या में नगर निगम की लापरवाही से जनता परेशान
अयोध्या में नगर निगम की लापरवाही का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने स्थानीय लोगों को आक्रोशित कर दिया है। जनौरा निवासी रवींद्र बहादुर सिंह ने बताया कि वर्ष 2010 से लेकर 2025 तक चक मार्ग की पैमाइश के लिए कई बार सामूहिक प्रार्थना पत्र दिए गए, लेकिन राजस्व और नगर निगम के बीच फंसे रहने के कारण पैमाइश में 15 साल लग गए। मई 2025 में पैमाइश होने के बाद मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत 31.90 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क और नाली निर्माण का निर्णय लिया गया।
पांच जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल रूप से शिलान्यास किया और कार्य आरंभ हुआ। लेकिन लोगों का दुर्भाग्य है कि आधी सड़क का निर्माण करके कार्यदायी संस्था नगर निगम महीनों से गायब हो गई है। सहायक अभियंता भरत सिंह वर्मा ने बताया कि एक साथ मिली 63 सड़कों के निर्माण के लिए पहली किस्त में 30 प्रतिशत पैसा मिला था। शासन के निर्देशानुसार, सभी सड़कों पर 65 प्रतिशत धन खर्च होने के बाद ही दूसरी किस्त मिलेगी। इस कारण काम अटका हुआ है, लेकिन लोगों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
