0

मथुरा में फल विक्रेताओं की दुकानें हटाईं, रिफाइनरी थानाध्यक्ष पर कार्रवाई, SSP ने हटाया

By Jan 3, 2026

मथुरा में रिफाइनरी थानाध्यक्ष अजय वर्मा को फल विक्रेताओं की अस्थाई दुकानें बुलडोजर से हटवाने के आरोप में SSP श्लोक कुमार ने तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। यह कार्रवाई विक्रेताओं द्वारा एसएसपी से की गई शिकायत के बाद हुई है।

मामले की पृष्ठभूमि

मिली जानकारी के अनुसार, रिफाइनरी थाना क्षेत्र अंतर्गत टाउनशिप गेट के सामने 31 दिसंबर को सुबह बुलडोजर से फल विक्रेताओं की अस्थाई दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया था। सदर थाना क्षेत्र के औरंगाबाद निवासी दशरथ सैनी समेत अन्य फल विक्रेताओं ने एसएसपी श्लोक कुमार को शिकायती पत्र देकर थानाध्यक्ष पर कार्रवाई की मांग की थी। विक्रेताओं का आरोप था कि थानाध्यक्ष ने उधार में फल और ड्राई फ्रूट मंगवाए थे और रुपये मांगने पर रंजिशवश यह कार्रवाई की।

सीओ से भी थी शिकायत

फल विक्रेताओं ने सीओ रिफाइनरी से भी इस मामले की शिकायत की थी, जिन्होंने थाना प्रभारी से रुपये दिलवाने का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद, 31 दिसंबर को सुबह 11 बजे रिफाइनरी थानाध्यक्ष अजय वर्मा ने बुलडोजर मंगवाकर दुकानें गिरवा दीं और आसपास के दुकानदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की। दुकानदारों ने थाना अध्यक्ष पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई थी।

एसएसपी की नाराजगी और कार्रवाई

मामला एसएसपी श्लोक कुमार के संज्ञान में आने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और रिफाइनरी थाना प्रभारी अजय वर्मा को तत्काल प्रभाव से थाने से हटाकर स्वाट टीम की जिम्मेदारी सौंप दी। वहीं, फरह में दुष्कर्म के आरोपित को तमंचे में जेल भेजने के मामले में एसएसपी ने फरह थाना प्रभारी त्रिलोकी सिंह को भी हटाकर अपराध शाखा में तैनात कर दिया है।

बड़े पैमाने पर फेरबदल

इस कार्रवाई के साथ ही एसएसपी श्लोक कुमार ने 13 थाना प्रभारियों और छह सीओ के सर्किल भी बदले हैं। रवि त्यागी को गोविंद नगर, छोटे लाल को फरह, अजय कौशल को रिफाइनरी, अश्वनी कुमार को बरसाना, भगवत सिंह को गोवर्धन, सुधीर सिंह नागर को सदर, चेतराम को महावन, पुष्पेंद्र को बलदेव, रंजना सचान को आपरेशन जागृति सेल, पहलवान सिंह को वाचक एसएसपी, देवपाल सिंह पुंडीर को यूपी डायल 112 का प्रभारी बनाया गया है। वहीं, बलदेव थाने में तैनात उमेश चंद्र को साइबर थाने भेजा गया है। सीओ स्तर पर भी श्वेता वर्मा को महावन, पीतमपाल सिंह को सदर, संदीप सिंह को मांट, अनिल कपरवान को रिफाइनरी, आशीष शर्मा को यातायात और संजीव कुमार राय को केजेएस, अपराध की जिम्मेदारी दी गई है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें