शर्लिन चोपड़ा ने हटवाए 825 ग्राम के सिलिकॉन इम्प्लांट, कहा- ‘अब महसूस कर रही हूं तितली सा हल्कापन’
अभिनेत्री और मॉडल शर्लिन चोपड़ा ने हाल ही में अपने ब्रेस्ट इम्प्लांट हटवाने की सर्जरी करवाई है। इस सर्जरी के बाद उन्होंने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि 825 ग्राम के इन सिलिकॉन इम्प्लांट्स को ढोना उनके लिए कितना मुश्किल होता जा रहा था। उन्होंने खुलासा किया कि इनकी वजह से उन्हें काफी ज्यादा शारीरिक दिक्कतें भी होने लगी थीं, जिसके बाद उन्होंने यह बड़ा फैसला लिया।
सर्जरी के बाद शर्लिन ने एक वीडियो और पोस्ट के जरिए अपने प्रशंसकों को इस बात की जानकारी दी। उन्होंने कहा, “ये भारी बोझ मेरे सीने से हट चुके हैं। इनमें से प्रत्येक 825 ग्राम के थे। इनको हटाने के बाद मैं तितली की तरह हल्का महसूस कर रही हूं।” शर्लिन के इस खुलासे ने कई लोगों को चौंकाया है, वहीं उनके इस कदम की सराहना भी की जा रही है।
इस अनुभव को साझा करते हुए शर्लिन चोपड़ा ने देश की युवा पीढ़ी से एक खास गुजारिश भी की है। उन्होंने कहा, “देश के युवा पीढ़ी से मेरी गुजारिश है कि सोशल मीडिया पर गलत तरीके से प्रभाव में आकर एक्सटर्नल वैलिडेशन के लिए अपने शरीर के साथ कोई खिलवाड़ ना करें।” उन्होंने आगे युवाओं को सलाह दी कि वे जो कुछ भी करवा रहे हैं, उसके फायदे-नुकसान पर विचार करें, अपने परिवार और मेडिकल एक्सपर्ट्स से चर्चा करें और कोई भी जल्दीबाजी न करें।
शर्लिन ने जोर देकर कहा, “भीड़ का हिस्सा बिल्कुल न बनें। अपनी प्रामाणिकता और वास्तविकता की हिफाजत करें।” उन्होंने अपनी टीम और डॉक्टरों को भी धन्यवाद दिया जिन्होंने सर्जरी और इम्प्लांट हटाने में उनकी मदद की। शर्लिन का यह बयान उन युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश है जो अक्सर सोशल मीडिया के दबाव में आकर अपने शरीर और स्वास्थ्य से जुड़े ऐसे बड़े फैसले ले लेते हैं।
