शराबी महिला ने बस में मचाया उत्पात, चालक ले गया सीधा थाने
दुमका में शुक्रवार शाम एक बस में नशे में धुत महिला यात्री ने जमकर हंगामा किया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जामताड़ा से दुमका आ रही पूजा ट्रेवल्स की बस में सवार एक आदिवासी महिला, जो पहले से ही शराब के नशे में थी, ने अपने महिला मित्रों द्वारा बैठाए जाने के बाद बस में उत्पात मचाना शुरू कर दिया। उसके एक हाथ में पपीता और दूसरे में एक बत्तख थी।
शाम करीब साढ़े छह बजे जब बस दुमका के अटल बिहारी बस स्टैंड पहुंची, तो सभी यात्री उतर गए, लेकिन वह महिला अपनी सीट पर ही बैठी रही। चालक द्वारा उतरने को कहने पर उसने साफ इनकार कर दिया। यात्री महिला होने के कारण चालक भी उसे जबरदस्ती उतारने में हिचकिचा रहा था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक ने तुरंत नगर थाना को सूचना दी। सूचना पर एक महिला पुलिसकर्मी जीप से बस स्टैंड पहुंची। हालाँकि, महिला को उतारने के प्रयास में वह हाथापाई पर उतर आई और जोर-जोर से चिल्लाने लगी। काफी समझाने-बुझाने के बावजूद वह अपनी सीट से हिलने को तैयार नहीं हुई और स्पष्ट कहा कि वह किसी भी हालत में बस से नहीं उतरेगी।
परिस्थिति को नियंत्रण से बाहर जाते देख, महिला पुलिसकर्मी ने चालक को बस को सीधे थाने ले जाने का निर्देश दिया। इसके बाद, पुलिस की जीप आगे-आगे और बस पीछे-पीछे नगर थाना पहुंची। वहां पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह महिला को बस से नीचे उतारा। महिला को बस से बाहर निकालने में ठंड की रात में महिला पुलिसकर्मियों के पसीने छूट गए।
थाना प्रभारी के अनुसार, महिला अभी भी नशे की हालत में है। नशा उतर जाने के बाद जब वह घर जाना चाहेगी, तो उसे सुरक्षित उसके गंतव्य तक पहुंचा दिया जाएगा। इस घटना के कारण बस चालक और मालिक को काफी परेशानी झेलनी पड़ी, और यात्रियों को भी देर तक इंतजार करना पड़ा।
