0

शिवहर को मिली पहली महिला विधायक, जदयू की श्वेता गुप्ता ने रचा इतिहास

By Nov 14, 2025

शिवहर विधानसभा चुनाव 2025 में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की प्रत्याशी डा. श्वेता गुप्ता ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए एक नया अध्याय लिख दिया है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नवनीत कुमार को 31,398 मतों के विशाल अंतर से पराजित किया। इस जीत के साथ ही डा. श्वेता गुप्ता शिवहर विधानसभा क्षेत्र से विधायक बनने वाली पहली महिला बन गई हैं, जो आजादी के 78 साल बाद इस क्षेत्र को मिली है।

मतगणना के अंतिम परिणाम के अनुसार, पेशे से चिकित्सक 44 वर्षीया डा. श्वेता गुप्ता को कुल 97,269 मत प्राप्त हुए, जबकि राजद के नवनीत कुमार को 65,871 मतों से संतोष करना पड़ा। तीसरे स्थान पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के मो. शर्फुद्दीन रहे, जिन्हें 16,469 मत मिले, वहीं जनसुराज प्रत्याशी नीरज सिंह 13,952 मतों के साथ चौथे स्थान पर रहे। यह परिणाम 28 चरणों की मतगणना के बाद जारी किया गया।

डा. श्वेता गुप्ता की इस शानदार जीत में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नारी सशक्तिकरण और जन कल्याणकारी योजनाओं का अहम योगदान रहा। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना, 125 यूनिट मुफ्त बिजली, पेंशन राशि में वृद्धि और महिलाओं को सरकारी नौकरी जैसे प्रावधानों ने मतदाताओं को खासा प्रभावित किया। इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की किसान सम्मान योजना और गरीब कल्याण योजनाओं ने भी एनडीए के पक्ष में माहौल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

चुनाव प्रचार के दौरान डा. श्वेता गुप्ता द्वारा लोगों को मुफ्त चिकित्सकीय सलाह देने का भी सकारात्मक प्रभाव पड़ा। सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि महिलाओं ने तमाम राजनीतिक समीकरणों को ध्वस्त करते हुए एनडीए के पक्ष में भारी मतदान किया। महिलाओं का साढ़े 12.48 प्रतिशत अतिरिक्त मतदान डा. श्वेता की जीत का एक प्रमुख आधार बना, जिसने शिवहर में नारी शक्ति का अभूतपूर्व प्रदर्शन किया।

शिवहर विधानसभा क्षेत्र में कुल तीन लाख चार हजार 676 पंजीकृत मतदाताओं में से दो लाख नौ हजार 109 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कुल दो लाख दस हजार 111 मतों की गणना की गई, जिसमें पोस्टल बैलेट के 602 मत भी शामिल थे। इस ऐतिहासिक जनादेश ने स्पष्ट कर दिया है कि शिवहर की जनता ने विकास और नारी सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें