सूरज के सामने स्काईडाइवर की अविश्वसनीय तस्वीर वायरल, इंटरनेट पर मची धूम
अमेरिका के एक फोटोग्राफर ने स्काईडाइविंग की एक ऐसी चौंकाने वाली तस्वीर खींची है, जिसने इंटरनेट पर सनसनी मचा दी है। इस तस्वीर में एक स्काईडाइवर सूरज के ठीक सामने छलांग लगाता हुआ दिखाई दे रहा है। यह अद्भुत पल अमेरिकी फोटोग्राफर एंड्रयू मैकार्थी ने अपने कैमरे में कैद किया है, जिसे देखने के बाद हर कोई हैरान है।
यह तस्वीर 8 नवंबर को एक रेगिस्तान में ली गई थी। गेब्रियल ब्राउन नामक एक स्काईडाइवर ने लगभग 1,070 मीटर (3,500 फीट) की ऊंचाई से छलांग लगाई थी। इसी दौरान मैकार्थी ने इस असाधारण पल को अपने कैमरे में कैद कर लिया। तस्वीर इतनी अविश्वसनीय निकली कि इसे देखने के बाद स्वयं मैकार्थी भी हैरान रह गए और उन्होंने इसे तुरंत सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।
मैकार्थी ने इस तस्वीर को “द फॉल ऑफ इकारस” (इकारस का पतन) नाम दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “यह एक अवास्तविक पल है, जिसे कई चुनौतियों के बाद कैमरे में कैद किया गया। इसे ‘द फॉल ऑफ इकारस’ कहते हैं। यह फाइन आर्ट प्रिंट का भी एक बेहतरीन उदाहरण बन सकती है।” इस तस्वीर को खींचने के लिए गहन योजना और तकनीकी सटीकता की आवश्यकता थी।
यह तस्वीर सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गई है और लोगों ने इसे बेहद खूबसूरत करार दिया है। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, “यही वजह है कि हमें मानव युक्त कला का समर्थन करना चाहिए। यह कितना सुंदर है!” वहीं, एक अन्य यूजर ने इसकी सराहना करते हुए कहा, “यह कितना शानदार है। इसे खींचने के लिए कितनी मेहनत लगी होगी। मुबारक हो!” तीसरे यूजर ने इसकी अद्वितीयता पर जोर देते हुए कहा, “मजा आ गया!”
हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब इस तरह की कोई खगोलीय तस्वीर वायरल हुई हो। इसी साल अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (आईएसएस) से भी एक ऐसी ही तस्वीर सामने आई थी, जिसमें आईएसएस सूरज के बीच में नजर आ रहा था और सौर ऊर्जा को भी बखूबी देखा जा सकता था। ऐसी तस्वीरें कला, विज्ञान और मानवीय साहस का एक अनूठा संगम प्रस्तुत करती हैं, जो दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देती हैं।
