0

ऑस्ट्रेलियाई नागरिक से 5 लाख की ठगी, शामली पुलिस ने दो देशों की मदद से ऐसे कराई वापसी

By Nov 30, 2025

ऑस्ट्रेलिया के क्यू विक्टोरिया निवासी यशायाह विटिंगस्लो से ऑनलाइन फर्नीचर खरीदने के बहाने ठगी का मामला सामने आया है। उन्होंने एक वेबसाइट के जरिए पियरे जेनरेट नामक कंपनी के कर्मचारी से संपर्क किया और एडवांस के तौर पर पांच लाख पांच हजार रुपये पांच अलग-अलग बैंक खातों में भेज दिए। पैसे मिलते ही कंपनी के कर्मचारी ने मोबाइल फोन और वेबसाइट ब्लॉक कर दी, जिससे पीड़ित को धोखाधड़ी का एहसास हुआ।

इसके बाद यशायाह विटिंगस्लो ने 16 सितंबर को भारत और ऑस्ट्रेलिया की साइबर हेल्पलाइन पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि ठगी की रकम पांच भारतीय बैंक खातों में ट्रांसफर की गई थी, जिनमें से चार राजस्थान और एक खाता शामली निवासी का था। इस जानकारी के आधार पर लखनऊ मुख्यालय से शामली पुलिस को ई-मेल के जरिए जांच सौंपी गई।

शामली साइबर सेल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की। साइबर सेल प्रभारी संजीव भटनागर के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले शामली के बैंक खाते में होल्ड कराए गए 25 हजार रुपये को सुरक्षित किया। इसके साथ ही राजस्थान में स्थित चार अन्य बैंक खातों को भी होल्ड करने के निर्देश दिए गए।

शनिवार को शामली साइबर सेल ने तत्परता दिखाते हुए सभी पांचों बैंक खातों से कुल पांच लाख पांच हजार रुपये की राशि बरामद कर ली और उसे ऑस्ट्रेलियाई नागरिक के बैंक खाते में वापस भेज दिया। इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने टीम को बधाई दी है। उन्होंने यह भी बताया कि जिस शामली निवासी के खाते में पैसे आए थे, उसकी भी जांच शुरू कर दी गई है, ताकि इस गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचा जा सके और उन्हें पकड़ा जा सके।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें