0

सोरों में मार्गशीर्ष मेला की तैयारियां जोरों पर, रौनक बढ़ी

By Nov 27, 2025

तीर्थ नगरी सोरों में 29 नवंबर से शुरू होने वाले ऐतिहासिक मार्गशीर्ष मेला की तैयारियां इन दिनों जोरों पर हैं। मेला मैदान में खेल तमाशे वालों और विभिन्न जनपदों से आए दुकानदारों ने अपनी दुकानें सजानी शुरू कर दी हैं, जिससे मेला परिसर में रौनक लौट आई है। इस वर्ष मेला का पहला स्नान पर्व मोक्षदा एकादशी को पड़ रहा है, जिसके मद्देनजर लाखों श्रद्धालुओं के सोरों आने की उम्मीद है। श्रद्धालु हरिपदी गंगा में आस्था की डुबकी लगाएंगे और मेला का आनंद लेंगे।

मोक्षदा एकादशी के शुभ अवसर पर सामाजिक सद्भाव का प्रतीक माने जाने वाली पंचकोसी परिक्रमा का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल होंगे। बुधवार की सुबह से ही मेला मैदान में बड़े-बड़े झूले लगकर तैयार हो गए हैं, जो इस बार कई नए आकर्षणों के साथ श्रद्धालुओं को रोमांच का अनुभव कराएंगे। बच्चों और बड़ों के लिए विभिन्न प्रकार के मनोरंजक झूले लगाए जा रहे हैं।

प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए दुकानदार अपने उत्पादों के साथ मेला में पहुंचे हैं। गर्म कपड़ों, कंबल, ढोलक, बरेली के प्रसिद्ध सुरमे, सिल-बट्टे, लाठियों और हस्तशिल्प से बनी कलाकृतियों की दुकानें विशेष आकर्षण का केंद्र बनेंगी। इन सबके बीच, श्रद्धालुओं और दुकानदारों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखा गया है।

कोतवाली प्रभारी जगदीश चंद्र ने स्वयं मेला मैदान का निरीक्षण कर पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस वाहनों द्वारा मेला क्षेत्र में लगातार गश्त लगाई जा रही है। रात के समय भी पुलिस की पिकेट और गश्ती वाहन दुकानदारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तैनात हैं, ताकि कोई अप्रिय घटना न घट सके। इन तैयारियों से मेला के सफल आयोजन का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

About

Journalist covering latest updates.

अगली खबरें

सोरों में पंचकोसीय परिक्रमा की तैयारियाँ तेज, श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष ध्यान

तीर्थ नगरी सोरों में एक दिसंबर को मोक्षदा एकादशी के अवसर पर आयोजित होने वाली पंचकोसीय परिक्रमा को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। दूरदराज से आने वाले हजारों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा...
By Nov 27, 2025

साझा करें