0

सोपोर में 24 घंटे में चोरी का खुलासा, दो गिरफ्तार, तांबे के बर्तन बरामद

By Nov 25, 2025

उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के सोपोर इलाके से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर चोरी की एक घटना का खुलासा किया है। मॉडल टाउन स्थित एक घर से चोरी हुए तांबे के बर्तनों को बरामद कर लिया गया है और इस संबंध में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।

घटना का खुलासा तब हुआ जब मॉडल टाउन निवासी मकबूल रहमान बेग ने बस स्टैंड सोपोर पुलिस चौकी में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने बताया था कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने देर रात उनके घर में घुसकर कीमती तांबे के बर्तन चुरा लिए हैं। शिकायत मिलते ही सोपोर पुलिस स्टेशन में एफआईआर संख्या 260/2025 दर्ज की गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई।

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कई संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। गहन पूछताछ के दौरान, माडल टाउन डी निवासी शब्बीर अहमद शैख पुत्र अब्दुल हामिद शेख ने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसने पुलिस को बताया कि चोरी का कुछ माल कोआपरेटिव बाग सोपोर में छिपाया गया है, जबकि कुछ माल बेचा जा चुका है।

सूचना के आधार पर, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए छिपाए गए चोरी के माल को बरामद कर लिया। आगे की जांच में एक और आरोपी की पहचान हुई, जिसकी गिरफ्तारी के बाद मामले का पूरा खुलासा हो गया। दूसरे आरोपी की पहचान मॉडल टाउन डी निवासी वसीम नबी वानी के रूप में हुई। वानी ने स्वीकार किया कि उसने शब्बीर अहमद शेख से चोरी के बर्तन खरीदे थे। पुलिस ने वानी के घर से भी चोरी के कुछ अतिरिक्त बर्तन बरामद किए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ी है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या इन आरोपियों का किसी अन्य आपराधिक गतिविधि में भी हाथ है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें