0

सारण में खेल-खेल में तीन बच्चों की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

By Nov 22, 2025

सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र के धनवती गांव में शनिवार की शाम एक बेहद ही दुखद घटना ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। मछली पालन के लिए बनाए गए एक पोखरे में खेलते हुए तीन मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। इस हृदय विदारक हादसे ने खुशियों से भरे परिवारों को मातम में बदल दिया और हर तरफ चीख-पुकार मच गई।

सूत्रों के अनुसार, तीनों बच्चे अपने घर के पास खेल रहे थे। खेलते-खेलते वे पोखरे के किनारे पहुंच गए और पानी में उतर गए। बताया जाता है कि नहाने के दौरान एक-दूसरे को पकड़ने की कोशिश में वे गहरे पानी में फिसल गए और बाहर नहीं निकल सके। कुछ ही पलों में बच्चों का खेल मौत के खेल में तब्दील हो गया।

इस दर्दनाक हादसे में जिन तीन मासूमों ने अपनी जान गंवाई, उनमें दो चचेरे भाई-बहन शामिल हैं। मृतकों में मनोज मांझी का चार वर्षीय पुत्र उज्ज्वल कुमार और सरोज मांझी की तीन वर्षीय पुत्री तान्या कुमारी, जो धनवती गांव, परसा पूर्वी पंचायत के निवासी थे, शामिल हैं। तीसरी बच्ची सोनी कुमारी, छह वर्ष की थी और सिवान जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र के पकवलिया गांव निवासी शिव प्रसन्न यादव की पुत्री थी। सोनी अपने मामा के घर शादी समारोह में आई हुई थी।

तीनों बच्चे आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ते थे। जब बच्चे काफी देर तक घर वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। कुछ देर बाद पोखरे के पास उनकी तलाश की गई, जहां से बच्चों के कपड़े बरामद हुए। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से पोखरे की तलाशी ली गई, जिसमें तीनों बच्चों के शव मिले। बच्चों के शवों को पोखरे से बाहर निकालने के बाद गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। इस घटना ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें