रतन टाटा और ट्रंप के नाम पर होंगी सड़कें, सीएम ने किया ऐलान; जानिए तेलंगाना सरकार के इस फैसले की वजह
तेलंगाना सरकार ने एक महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए राज्य की प्रमुख सड़कों का नाम वैश्विक हस्तियों और बहुराष्ट्रीय कंपनियों के नाम पर रखने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने बताया कि यह कदम इन हस्तियों और कंपनियों के योगदान को सम्मानित करने और राज्य में वैश्विक निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उठाया गया है।
इस योजना के तहत, एक ग्रीनफील्ड रेडियल रोड का नाम उद्योगपति रतन टाटा के सम्मान में रखा जाएगा। इसके अलावा, अमेरिकी महावाणिज्य दूतावास के पास स्थित सड़क को ‘डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू’ नाम दिया जाएगा। सरकार ने इस संबंध में जल्द ही विदेश मंत्रालय और अमेरिकी दूतावास को जानकारी देने की बात कही है।
मुख्यमंत्री ने अमेरिका-भारत रणनीतिक साझेदारी मंच (यूएस-आइएसपीएफ) में पहले ही संकेत दिया था कि प्रमुख सड़कों का नाम अग्रणी वैश्विक कारपोरेशनों के नाम पर रखा जाएगा। इस क्रम में, गूगल के वैश्विक प्रभाव को देखते हुए एक सड़क का नाम ‘गूगल स्ट्रीट’ रखा जाएगा। हैदराबाद में गूगल का परिसर भी बन रहा है, जिसे अमेरिका के बाहर दुनिया का सबसे बड़ा परिसर माना जाता है।
इसी तरह, माइक्रोसॉफ्ट और विप्रो जैसी प्रमुख आईटी कंपनियों को भी सम्मान दिया जाएगा। इन कंपनियों के योगदान को देखते हुए ‘विप्रो जंक्शन’ और ‘माइक्रोसॉफ्ट रोड’ जैसे नाम तय किए गए हैं। यह पहल तेलंगाना को वैश्विक मानचित्र पर लाने और निवेश के लिए अनुकूल माहौल बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
