सीवर जाम से धंसी सड़क, आगरा में दहशत, तत्काल मरम्मत कार्य शुरू
आगरा के छत्ता जोन स्थित दरेसी क्षेत्र की मंगोडे वाली गली में सीवर लाइन के जाम होने के कारण सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया। इस घटना से गली में आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और लगभग पांच मीटर लंबा व दो मीटर गहरा गड्ढा बन गया, जिससे स्थानीय नागरिकों में दहशत का माहौल है।
तत्काल कार्रवाई और मरम्मत
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय पार्षद राकेश जैन और रवि माथुर ने नगर निगम और जलकल विभाग के अधिकारियों को सूचित किया। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के निर्देश पर सहायक अभियंता जीवेक और जलकल विभाग की टीम, साथ ही सीवर व्यवस्था देख रही निजी कंपनी बीएटेक वबाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। जांच में सीवर लाइन के चोक होने से चैंबर टूटने की बात सामने आई, जिसके कारण सड़क धंसी थी। वबाग कंपनी ने सीवर लाइन की सफाई कर टूटे चैंबर को बदला। नगर निगम की टीम ने गड्ढे में मिट्टी भरकर समतलीकरण किया, जिससे यातायात सुचारू हो सका।
पार्षद ने बताई वजह
क्षेत्रीय पार्षद राकेश जैन ने बताया कि सीवर लाइन से टोरंट पावर की 11 हजार वोल्ट की लाइन डालने के दौरान सीवर पाइप क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे लगातार पानी रिसता रहा और अंततः सड़क धंस गई। अब पाइप को बदलकर दूसरी ओर से डलवाया जा रहा है ताकि भविष्य में ऐसी समस्या न हो। निगम की त्वरित कार्रवाई से संभावित दुर्घटना टल गई और लोगों को राहत मिली।
