RMPU Aligarh news: विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय पुस्तक प्रदर्शनी शुरू, कुलपति ने किया उद्घाटन
अलीगढ़: राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय (RMPU) में शीला गौतम सेंटर फॉर लर्निंग में तीन दिवसीय पुस्तक प्रदर्शनी की शुरुआत हुई है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता को सुदृढ़ करना और शोध संस्कृति को बढ़ावा देना है। प्रदर्शनी का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर नरेंद्र बहादुर सिंह ने किया।
प्रदर्शनी में देश-विदेश के प्रतिष्ठित प्रकाशकों द्वारा विभिन्न विषयों से संबंधित नवीनतम शैक्षणिक, शोधपरक और संदर्भ पुस्तकों का प्रदर्शन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शोधार्थियों तथा शिक्षकों को उच्च गुणवत्ता वाले अध्ययन संसाधनों से परिचित कराना और लाइब्रेरी के लिए उत्कृष्ट पुस्तकों का चयन करना है।
कुलपति प्रोफेसर नरेंद्र बहादुर सिंह ने इस अवसर पर विश्वविद्यालय की लाइब्रेरी के विकास को लेकर अपना दृष्टिकोण साझा किया। उन्होंने कहा कि एक आधुनिक विश्वविद्यालय की पहचान उसकी समृद्ध और सुसज्जित लाइब्रेरी से होती है। हमारा लक्ष्य RMPU की लाइब्रेरी को एक अत्याधुनिक ज्ञान केंद्र के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की उच्च गुणवत्ता वाली पुस्तकों तथा डिजिटल संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, जिससे विद्यार्थियों और शोधार्थियों को अध्ययन एवं अनुसंधान के लिए बेहतर वातावरण मिल सके।
