0

बरसाना के मान मंदिर में गूंजी बधाई, धूमधाम से मनाया गया ठाकुर मान बिहारी लाल का पाटोत्सव

By Dec 10, 2025

बरसाना के ब्रह्मंचल पर्वत पर स्थित मान मंदिर में विराजमान ठाकुर श्री मान बिहारी लाल जी का पाटोत्सव धूमधाम से मनाया गया। मंदिर परिसर में विरक्त संत पद्मश्री रमेश बाबा के सानिध्य में बरसाना व नंदगांव के गोस्वामियों ने बधाई समाज गायन किया। प्रति वर्ष मार्गशीर्ष मास के शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि के दिन मान मंदिर में विराजमान मान बिहारी लाल जी का पावन पाटोत्सव मनाया जाता है। बुधवार को प्रात: पद्मश्री रमेश बाबा महाराज के सानिध्य में ठाकुरजी का पंचामृत अभिषेक करके ठाकुरजी को नवीन पोशाक धारण कराई गई। इसके उपरांत ठाकुर जी को छप्पन प्रकार के भोग अर्पित किये गये।

मंदिर में भव्य सजावट भी की गयी। इसके बाद नवनिर्मित मंदिर के प्रांगण में नंदगांव व बरसाना के गोस्वामी जनों द्वारा मंगल बधाई समाज गायन किया गया। गायन के मध्य श्री वृषभान के हो आनंद मंगल भीर, कुंवर कृपा की दृष्टि भई पदों का शास्त्रीय संगीत पद्धति से सामूहिक समाज गायन किया तो पूरा वातावरण आनंदमय हो उठा। इसके उपरांत पद्मश्री रमेश बाबा महाराज, रामजीलाल शास्त्री, राधाकांत शास्त्री, ब्रजशरण महाराज ने भी ठाकुरजी को बधाई अर्पित की। सभी ने एक दूसरे को ठाकुरजी के पटोत्सव की बधाइयाँ दीं। इसके बाद माताजी गौशाला में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जहां साधु, ब्राह्मण, ब्रजवासी और बाहर से आये हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर आचार्य सुरेश चंद शास्त्री, आचार्य महेश शास्त्री, सुनील सिंह, सज्जन शर्मा, अभिषेक खंडेलवाल उपस्थित रहे।

About

Journalist covering latest updates.

अगली खबरें

बरसाना में भीषण जाम से हाहाकार, राधा रानी के दर्शनों को तरसे श्रद्धालु; पैदल चलने को मजबूर हुए लोग

वीकेंड पर लगने वाले जाम से श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय लोग जाम से कराह उठे। श्रद्धालुओं जाम में फंसे वाहनों को छोड़कर पैदल ही राधा रानी के दर्शनों को जाना पड़ा। रविवार को सुबह दस...
By Dec 10, 2025

साझा करें