झारखंड-छत्तीसगढ़ के यात्रियों को राहत, Hatia-Durg Special Train की अवधि बढ़ी; Tatanagar MEMU रद्द
दक्षिण पूर्व रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हटिया-दुर्ग-हटिया द्विसाप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की परिचालन अवधि में विस्तार किया है, जिससे लंबी दूरी के यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। यह ट्रेन अब 30 जनवरी 2026 तक चलेगी।
हालांकि, रेलवे ने चक्रधरपुर रेल मंडल में चलने वाली कई मेमू ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इससे दैनिक यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए टाटानगर-चाईबासा-टाटानगर और टाटानगर-हटिया-टाटानगर मेमू ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से रद्द कर दिया है।
रेलवे के अनुसार, हाथियों की लगातार आवाजाही, घना कोहरा और सेक्शन बंच की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। मेमू ट्रेनों के रद्द होने से टाटानगर, चाईबासा और आसपास के क्षेत्रों से रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। कार्यालय जाने वाले कर्मचारी, छात्र और छोटे व्यवसायी वैकल्पिक साधनों पर निर्भर होने को मजबूर हैं।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेनों की स्थिति की जानकारी अवश्य ले लें। साथ ही यह भी भरोसा दिलाया गया है कि परिस्थितियां सामान्य होते ही मेमू सेवाओं को बहाल कर दिया जाएगा।
