अरुणाचल भारत का अभिन्न अंग: चीन को भारत का दो टूक जवाब
नई दिल्ली: चीन ने एक बार फिर अरुणाचल प्रदेश को लेकर अपनी विवादास्पद नीति का प्रदर्शन किया है। ब्रिटेन में 14 वर्षों से रह रही भारतीय मूल की एक महिला को शंघाई हवाई अड्डे पर केवल इस आधार पर 18 घंटे तक हिरासत में रखा गया कि उसका जन्मस्थान भारत का राज्य अरुणाचल प्रदेश है। इस घटना ने भारत और चीन के बीच राजनयिक तनाव को फिर से हवा दे दी है।
घटना के बाद भारत सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है। भारत सरकार ने स्पष्ट किया कि अरुणाचल प्रदेश के निवासियों को भारतीय पासपोर्ट रखने और उसके साथ विश्व में कहीं भी यात्रा करने का पूर्ण अधिकार है। चीन द्वारा अपनाई गई यह प्रक्रिया हास्यास्पद है और अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन करती है।
सूत्रों के अनुसार, भारत ने इस मामले को उठाते हुए कहा है कि चीनी अधिकारियों का यह कृत्य शिकागो कन्वेंशन और मॉन्ट्रियल कन्वेंशन जैसे नागरिक उड्डयन से संबंधित अंतरराष्ट्रीय समझौतों का स्पष्ट उल्लंघन है। यह पहली बार नहीं है जब चीन ने अरुणाचल प्रदेश के भारतीय नागरिकों के साथ ऐसा व्यवहार किया है। इससे पहले भी चीन ने अरुणाचल के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के लिए वीजा देने से इनकार कर दिया था।
35 वर्षीय प्रेमा वांगजोंम थोंगडोक, जो अरुणाचल के वेस्ट केमेंग जिले की निवासी हैं, 21 नवंबर को लंदन से जापान के लिए यात्रा कर रही थीं। शंघाई में उन्हें कनेक्टिंग फ्लाइट लेनी थी। उन्होंने बताया कि शंघाई हवाई अड्डे पर चीनी आव्रजन अधिकारियों ने उनके पासपोर्ट को अमान्य बताते हुए बार-बार कहा कि ‘अरुणाचल प्रदेश चीन का हिस्सा है’। उन्हें ट्रांजिट क्षेत्र से बाहर निकले बिना ही, वैध वीजा होने के बावजूद जापान जाने वाले विमान में चढ़ने से रोका गया। उनका पासपोर्ट जब्त कर लिया गया और उन्हें मानसिक उत्पीड़न का शिकार बनाया गया।
पीड़िता के अनुसार, इस दौरान उन्हें खाना तक नहीं दिया गया और उनकी कनेक्टिंग फ्लाइट छूट गई, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ। चीनी अधिकारियों ने उन्हें जबरन चीन ईस्टर्न एयरलाइंस से ही नई टिकट बुक कराने का दबाव डाला और यहां तक कहा कि उन्हें चीन के पासपोर्ट के लिए आवेदन करना चाहिए। इस घटना ने भारत की संप्रभुता पर चीन के निरंतर अतिक्रमण को उजागर किया है।
भारत की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ नीति को मजबूती: सेना प्रमुख 2 दिसंबर को श्रीलंका के दौरे पर
दिल्ली के जर्जर फ्लैटों में हजार परिवारों का जीवन खतरे में, DDA की उपेक्षा
नेतन्याहू की भारत यात्रा टली, इजरायल ने सुरक्षा पर जताया पूरा भरोसा
दिल्ली की हवा ‘बेहद खराब’: 12 दिन से जारी संकट, अब और बिगड़ सकते हैं हालात
दिल्ली के नारायणा में पेंट गोदाम में भीषण आग, मालिक रोहन लापता
दिल्ली में जल्द शुरू होंगी हॉट एयर बैलून की सवारी, यमुना किनारे बढ़ी रोमांच की छटा
इथियोपियाई ज्वालामुखी राख: दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का बाधित, 11 उड़ानें रद्द
TET की अनिवार्यता के विरोध में दिल्ली में जुटे शिक्षक, हरदोई से भी पहुंची भीड़
