0

रोहतक में ऑनर किलिंग: पुलिस मुठभेड़ में मृतका के भाई समेत चार गिरफ्तार

By Nov 21, 2025

रोहतक के गांव काहनी साढ़े सात में हुए ऑनर किलिंग मामले में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने देर रात एक मुठभेड़ के दौरान विवाहिता सपना के भाई संजू समेत चार युवकों को गिरफ्तार किया है। इन सभी आरोपियों के पैरों में गोली लगी है, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए पीजीआईएमएस ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान 19 वर्षीय संजू (सपना का भाई), 19 वर्षीय राहुल (गांव काहनी साढ़े सात निवासी), 18 वर्षीय अंकित (सोनीपत के रूखी गांव निवासी) और 19 वर्षीय गौरव (सोनीपत के रूखी गांव निवासी) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ये चारों युवक सपना की हत्या के बाद उसके पति सूरज की हत्या करने की फिराक में थे।

घटनास्थल रोहतक के लाढ़ौत गांव से आउटर बोहर बाईपास के पास बताया जा रहा है, जहां सीआईए टू की टीम के साथ इन आरोपियों की मुठभेड़ हुई। पुलिस ने आत्मरक्षा में 8 से 10 राउंड फायरिंग की, जिसके बाद आरोपियों को गोली लगी। सीआईए टू टीम के प्रभारी सतीश कादयान, एएसआई हितेंद्र और दिनेश भी इस कार्रवाई में शामिल थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार पिस्तौल भी बरामद किए हैं।

गौरतलब है कि वीरवार रात करीब पौने 11 बजे गांव काहनी साढ़े सात में विवाहिता सपना की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सपना के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया, जिसमें पता चला कि उसे छाती में गोली मारी गई थी। वहीं, सपना के देवर साहिल के पेट में भी गोली लगी थी। शुक्रवार को सपना के शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

इस सनसनीखेज हत्या से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें हमलावर पिस्टल लहराते हुए घर की तरफ जाते और कत्ल के बाद भागते हुए दिखाई दे रहे थे। पुलिस ने घटना के तुरंत बाद मामला दर्ज कर चार टीमें गठित की थीं, जिनकी जांच के बाद यह गिरफ्तारी हुई है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें