रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर बनी ब्लॉकबस्टर, दूसरे दिन कमाई ने तोड़े रिकॉर्ड
रणवीर सिंह की नई एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर आते ही तहलका मचा दिया है। रिलीज के पहले दिन फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर लगभग 27 करोड़ रुपये की धमाकेदार कमाई की, जो कि रणवीर सिंह के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग है। फिल्म के टीजर और ट्रेलर को मिली शानदार प्रतिक्रिया के बाद एडवांस बुकिंग भी काफी सकारात्मक रही थी।
हालांकि, रिलीज वाले दिन सुबह के शोज में उपस्थिति लगभग 16 प्रतिशत ही थी, जिसने शुरुआती कमाई को थोड़ा प्रभावित किया। लेकिन, सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर आ रही सकारात्मक समीक्षाओं और वर्ड-ऑफ-माउथ के चलते दोपहर और शाम के शोज में दर्शकों की भीड़ तेजी से बढ़ी, और ऑक्यूपेंसी 28 प्रतिशत से अधिक हो गई। करीब 5,000 स्क्रीनों पर रिलीज हुई ‘धुरंधर’ ने अपने ही पिछले रिकॉर्ड्स को ध्वस्त कर दिया है। इसने ‘सिम्बा’ के 20.72 करोड़ और ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ के 11.10 करोड़ रुपये की ओपनिंग को पीछे छोड़ दिया है। यह 2025 में रिलीज हुई फिल्मों ‘सैयारा’ और ‘सिकंदर’ के ओपनिंग कलेक्शन को भी पार कर गई है। हालांकि, यह विक्की कौशल की ‘चावा’ के 31 करोड़ रुपये के ओपनिंग रिकॉर्ड को तोड़ने में नाकाम रही।
सूत्रों के अनुसार, दूसरे दिन यानी शनिवार को सुबह 10 बजे तक फिल्म ने लगभग 2.38 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया था, जिससे कुल कमाई 29.38 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। 6 दिसंबर 2025 को ‘धुरंधर’ की हिंदी ऑक्यूपेंसी औसतन 17.26 प्रतिशत रही, और शाम व रात के शोज के साथ यह आंकड़ा और बढ़ने की उम्मीद है।
आदित्य धर द्वारा निर्देशित ‘धुरंधर’ एक जासूसी थ्रिलर है, जिसकी कहानी 2000 के दशक की शुरुआत में पाकिस्तान पर आधारित है। इसमें रणवीर सिंह एक भारतीय जासूस की भूमिका निभा रहे हैं, जो लायरी गैंग के खिलाफ एक मिशन पर निकलता है। फिल्म को सच्ची घटनाओं से प्रेरित बताया जा रहा है। रणवीर सिंह के अलावा, संजय दत्त, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल और आर. माधवन भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। अब सभी की निगाहें वीकेंड पर फिल्म की कुल कमाई पर टिकी हैं।
