रेलवे एनटीपीसी यूजी सीबीटी 2 परीक्षा की तारीख घोषित, 20 दिसंबर को होगी परीक्षा
रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने नॉन-टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (अंडर ग्रेजुएट/ CEN No 06/2024) भर्ती के दूसरे चरण, यानी सीबीटी 2, की परीक्षा तिथि की घोषणा कर दी है। यह परीक्षा 20 दिसंबर 2025 को देशभर में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में केवल वही उम्मीदवार भाग ले सकेंगे जिन्होंने सीबीटी 1 परीक्षा में सफलता प्राप्त की है।
आधिकारिक सूचना के अनुसार, परीक्षा से लगभग 10 दिन पहले उम्मीदवारों के लिए सिटी इंटीमेशन स्लिप जारी की जाएगी। इससे परीक्षार्थी अपने परीक्षा शहर की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और अपनी यात्रा की योजना बना सकेंगे। इसके अतिरिक्त, एडमिट कार्ड परीक्षा की तारीख से ठीक 4 दिन पहले ऑनलाइन उपलब्ध कराए जाएंगे। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे एडमिट कार्ड केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही डाउनलोड करें, क्योंकि इन्हें किसी अन्य माध्यम से नहीं भेजा जाएगा।
सीबीटी 2 परीक्षा में बहुविकल्पीय प्रकार के कुल 120 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्न पत्र में जनरल अवेयरनेस से 50, मैथमेटिक्स से 35 और जनरल इंटेलिजेंस एवं रीजनिंग से 35 प्रश्न शामिल होंगे। परीक्षा को हल करने के लिए उम्मीदवारों को 90 मिनट यानी डेढ़ घंटे का समय दिया जाएगा। प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक प्रदान किया जाएगा, जबकि प्रत्येक गलत उत्तर पर एक तिहाई अंक (1/3) काटा जाएगा।
यह भर्ती प्रक्रिया आरआरबी एनटीपीसी अंडर ग्रेजुएट के कुल 3,058 रिक्त पदों को भरने के लिए की जा रही है। इन पदों में वाणिज्यिक सह टिकट क्लर्क, लेखा क्लर्क सह टाइपिस्ट, कनिष्ठ क्लर्क सह टाइपिस्ट और रेल क्लर्क जैसे पद शामिल हैं। भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए उम्मीदवार रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं।
