रायबरेली में रिश्तों का खूनी अंत: पति ने पत्नी का गला रेता, फिर खुद भी फांसी पर झूले
उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक वीभत्स घटना सामने आई है। खीरों थाना क्षेत्र के सुरजीपुर निहस्था गांव में एक पति ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और फिर खुद भी फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी भीमराज उर्फ भीखू ने शनिवार की देर रात अपनी पत्नी सोनी देवी का धारदार हथियार ‘बांके’ से गला काट दिया, जिससे सोनी की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद भीमराज ने उसी कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार सुबह जब काफी देर तक उनके घर का दरवाजा नहीं खुला तो परिवारजनों को चिंता हुई। परिवारजन और ग्रामीण छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और अंदर का मंजर देखकर स्तब्ध रह गए।
कमरे के अंदर सोनी देवी का शव पड़ा था, जबकि भीमराज का शव फंदे से लटक रहा था। पास ही वह धारदार बांका भी पड़ा था, जिससे हत्या को अंजाम दिया गया। तत्काल ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। एक साथ दो लोगों की मौत की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) संजीव कुमार सिन्हा भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। एएसपी सिन्हा ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में यह सामने आया है कि भीमराज ने कमरा बंद कर पहले पत्नी का धारदार बांके से गला काटकर हत्या की और फिर खुद फांसी लगा ली। उन्होंने बताया कि दंपति के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके चलते भीमराज ने एक दिन पहले अपने नौ वर्षीय पुत्र शिवम, सात वर्षीय शुभि और चार वर्षीय शिवांश को उनकी ससुराल पहुंचा दिया था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में अब तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। इस हृदय विदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और लोग स्तब्ध हैं।
