राया पुलिस ने चोरी का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, लाखों का माल बरामद
राया, मथुरा। राया थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी के आरोप में दो शातिर युवकों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दो किलो गिलेट (नकली आभूषण बनाने में प्रयुक्त धातु) और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
प्रभारी निरीक्षक राया रवि भूषण शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 15 सितंबर को हाथरस निवासी एक दुकानदार मथुरा से अपनी मोपेड पर करीब 55 किलो गिलेट और पायल आदि लेकर हाथरस जा रहा था। दोपहर करीब सवा एक बजे राया कट के समीप अचानक उसकी मोपेड/विक्की अनियंत्रित होकर गिर गई। मोपेड गिरने से गिलेट और अन्य आभूषणों से भरा एक बोरा सड़क पर गिर गया। जब तक दुकानदार संभल पाता और बोरा उठाने आता, उससे पहले ही कोई अज्ञात व्यक्ति उस बोरे को लेकर फरार हो गया।
पीड़ित दुकानदार की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। चोरों की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे दो संदिग्ध युवकों की पहचान हुई। तभी से पुलिस इन वांछितों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
प्रभारी निरीक्षक शर्मा ने बताया कि गुरुवार रात उप निरीक्षक महेंद्र सिंह भदौरिया और शिवमंत सिंह पुलिस टीम के साथ वांछितों की तलाश में गश्त पर थे। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शाम करीब सवा पांच बजे चोरी के आरोपी बौबी निवासी हरी मस्जिद के पास, कासिम नगर लडिया कोइल, सासनी गेट, अलीगढ़ को कबीला हड्डी गोदाम के समीप से घटना में प्रयुक्त बाइक समेत गिरफ्तार कर लिया। वहीं, दूसरे आरोपी भजनलाल निवासी जयगंज सराय भोला, सासनी गेट, अलीगढ़ को पीतल की दुकान जयगंज सराय भोला नाथ से चोरी की गई गिलेट आभूषण में से दो किलो गिलेट के साथ दबोचा गया।
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपी अलीगढ़ के निवासी हैं और उन्होंने ही मोपेड गिरने के बाद दुकानदार का सामान चुराया था। बरामद की गई गिलेट और बाइक को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस गिरफ्तारी से पुलिस ने चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा किया है।
