रांची में रोहित-कोहली की वापसी, वनडे सीरीज का पहला मुकाबला आज
रांची के JSCA स्टेडियम में आज दोपहर 1:30 बजे से भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में टीम इंडिया के लिए खास बात यह है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली की वापसी हो रही है। यह दोनों दिग्गज खिलाड़ी करीब 9 महीने बाद भारत में कोई अंतरराष्ट्रीय वनडे मैच खेलते हुए नजर आएंगे। आखिरी बार वे फरवरी में इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में मैदान पर उतरे थे। इन दोनों के आने से भारतीय टीम की बल्लेबाजी क्रम और मजबूत हो गई है, जिससे टीम की जीत की उम्मीदें बढ़ गई हैं।
इस वनडे सीरीज में भारतीय टीम की कप्तानी विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल करेंगे। नियमित कप्तान शुभमन गिल चोटिल होने के कारण इस सीरीज से बाहर हैं। उनकी अनुपस्थिति में केएल राहुल पर टीम को एकजुट रखने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
वनडे क्रिकेट के आंकड़ों पर नजर डालें तो साउथ अफ्रीका का पलड़ा भारत पर थोड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 58 वनडे मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 27 मैच जीते हैं, जबकि साउथ अफ्रीका ने 30 मैचों में जीत हासिल की है। एक मुकाबला बेनतीजा रहा है। इस सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप करके भारतीय टीम हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में साउथ अफ्रीका के दबदबे को खत्म कर सकती है।
हालांकि, वनडे सीरीज जीतने के मामले में भारतीय टीम का रिकॉर्ड बेहतर है। दोनों टीमों के बीच अब तक 15 वनडे सीरीज खेली गई हैं, जिनमें से 8 में भारत विजयी रहा है, जबकि साउथ अफ्रीका ने 6 सीरीज जीती हैं। एक सीरीज ड्रॉ रही थी। 2023 में खेली गई पिछली वनडे सीरीज को भी भारत ने 2-1 से अपने नाम किया था।
भारत में खेले गए वनडे मैचों में भी भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा है। दोनों टीमों ने भारत में 24 वनडे खेले हैं, जिसमें से 14 में भारत को जीत मिली है, जबकि साउथ अफ्रीका ने 10 मैच जीते हैं। भारत में खेली गई 7 वनडे सीरीज में से 5 में भारत और सिर्फ 1 में साउथ अफ्रीका को जीत मिली है, जबकि एक सीरीज ड्रॉ रही। साउथ अफ्रीका को भारत में एकमात्र सीरीज जीत 2015 में एबी डिविलियर्स की कप्तानी में 3-2 से मिली थी।
व्यक्तिगत प्रदर्शन की बात करें तो, भारतीय टीम के लिए रोहित शर्मा इस साल 11 मैचों में 2 शतक लगाकर 504 रनों के साथ टॉप स्कोरर हैं। श्रेयस अय्यर (496) और शुभमन गिल (490) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं, हालांकि दोनों ही चोट के कारण सीरीज से बाहर हैं। गेंदबाजी में हर्षित राणा 16 विकेट के साथ सबसे सफल गेंदबाज हैं। साउथ अफ्रीका की ओर से लुंगी एनगिडी 18 विकेट के साथ टॉप विकेट टेकर हैं, जबकि मैथ्यू ब्रीट्जकी ने 2025 में न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक (150) जड़ा है।
रांची के JSCA स्टेडियम में यह दूसरा वनडे मैच होगा। इससे पहले 2022 में खेले गए एकमात्र वनडे में भारत ने साउथ अफ्रीका को 7 विकेट से हराया था। कुल मिलाकर, रांची में भारत ने 6 वनडे खेले हैं, जिनमें 3 जीते, 2 हारे और 1 बेनतीजा रहा।
विराट कोहली के शतक से भारत ने दक्षिण अफ्रीका को रोमांचक मैच में हराया
विराट कोहली ने टेस्ट वापसी की अफवाहों पर विराम लगाया, बोले – केवल वनडे ही खेलूंगा
विराट कोहली का शतक और 37 की उम्र, रांची में टीम इंडिया की जीत का राज
विराट कोहली की टेस्ट वापसी पर BCCI ने तोड़ी चुप्पी, अटकलों पर लगा विराम
रांची यार्ड रिमॉडलिंग से रेल यातायात बाधित, यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें
सुनील गावस्कर ने विराट कोहली को बताया वनडे का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज
ऋतुराज गायकवाड़ की वापसी, पंत बाहर; प्रोटियाज की कप्तानी मार्कराम के हाथों में
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका: वनडे सीरीज का रांची में आगाज, रोहित-जायसवाल क्रीज पर
