0

राजद विधायक चंद्रशेखर का मजदूर को थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल, मचा बवाल

By Nov 24, 2025

मधेपुरा से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक चंद्रशेखर एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। रविवार रात की बताई जा रही एक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें विधायक एक मजदूर को थप्पड़ मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में खलबली मच गई है और विधायक चंद्रशेखर की कड़ी आलोचना हो रही है।

वायरल वीडियो के अनुसार, विधायक चंद्रशेखर अपने समर्थकों और स्थानीय लोगों के साथ शहर में बुडको द्वारा 72 करोड़ रुपये की लागत से कराए जा रहे स्टार्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम के तहत नाला निर्माण का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान मुख्य बाजार में पूर्णिया गोला के पास निर्माण सामग्री लेकर पहुंचा एक मजदूर लोगों को देखकर भागने लगा। लोगों ने उसे खदेड़कर पकड़ा और विधायक के सामने पेश किया।

वीडियो में दिख रहा है कि जब मजदूर ठेकेदार को फोन लगाने की कोशिश करता है, तो विधायक उससे पूछते हैं कि वह किसे फोन लगा रहा है। इसके बाद विधायक कथित तौर पर मजदूर को थप्पड़ मारते हुए उसे नाला में उतरकर यह बताने को कहते हैं कि नीचे ढलाई हुई है या नहीं। मजदूर पानी में उतरकर ढलाई होने की बात कहते हुए दिख रहा है।

इस घटना के बाद लोगों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है। वहीं, विधायक चंद्रशेखर ने इस वायरल वीडियो का खंडन किया है। उन्होंने एक बयान जारी कर कहा है कि रात में नाला निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान काम छोड़कर भाग रहे मजदूरों के साथ आम जनता ने दुर्व्यवहार करने का प्रयास किया था, जिसे उन्होंने बीच-बचाव कर रोका था। विधायक ने कहा कि कुछ मीडिया द्वारा उनके द्वारा मजदूर की पिटाई की खबर चलाना सरासर निराधार और बेबुनियाद आरोप है, जिसका वे पुरजोर खंडन करते हैं।

पीड़ित मजदूर ने अब तक इस मामले में कहीं भी शिकायत दर्ज नहीं कराई है। इस घटना ने एक बार फिर जनप्रतिनिधियों के व्यवहार पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें