कांगड़ा में पुलिस का नशा माफिया पर शिकंजा, सगे भाई 9.44 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में नशा माफिया के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। इसी कड़ी में शाहपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दो सगे भाइयों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि उन्हें विश्वसनीय जानकारी मिली थी कि दो युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर छड़ोल (हारचक्कियां) के पास नशे का अवैध कारोबार कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और दोनों आरोपितों को रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपितों की पहचान 24 वर्षीय अभिषेक और 29 वर्षीय विक्रम मसीहा के रूप में हुई है, जो सलोल गांव के निवासी हैं। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 09.44 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ शाहपुर थाने में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की गहन पड़ताल कर रही है कि ये दोनों भाई यह नशा कहां से लाते थे और आगे किन लोगों को सप्लाई करते थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीर बहादुर ने आम जनता से अपील की है कि वे नशे के अवैध कारोबार से संबंधित कोई भी सूचना पुलिस को दें, ताकि इस सामाजिक बुराई को जड़ से खत्म किया जा सके।
