पूर्व एसओ सहित पांच पर धोखाधड़ी का मुकदमा, कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई
पश्चिमी जोन के बसई जगनेर थाने में पूर्व थानाध्यक्ष सुनील तोमर समेत पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर हुई है। नसऊआ गांव के एक ग्रामीण जितेश ने यह मुकदमा दर्ज कराया है, जिसने अपनी चोरी हुई बाइक बरामद कराने के नाम पर कथित तौर पर 15 हजार रुपये की रिश्वत लेने और फिर भी बाइक न लौटाने का आरोप लगाया है।
पीड़ित जितेश ने अपनी शिकायत में बताया है कि 11 अप्रैल 2023 को उसकी बाइक चोरी हो गई थी। शुरुआती तौर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने में आनाकानी की, जिसके बाद 28 अप्रैल 2023 को बमुश्किल चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया। आरोप है कि बाइक बरामद करने के लिए तत्कालीन थानाध्यक्ष सुनील तोमर ने उससे 15 हजार रुपये की मांग की। पीड़ित ने यह रकम दो किश्तों में यदुवीर के बैंक खाते में ट्रांसफर की।
इसके बाद, पुलिस ने गांव के देवेंद्र, सुरेश और राजकुमार (जो आपस में भाई हैं) को पकड़ा और पीड़ित की बाइक भी बरामद कर ली। पीड़ित को बाइक की पहचान के लिए थाने बुलाया गया। हालांकि, पीड़ित के थाने से निकलते ही आरोपियों को बाइक सहित छोड़ दिया गया। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद से आरोपी उसे धमकी भी देने लगे। जब उसने इस संबंध में एसओ से संपर्क किया तो उसे धमकाया गया। अधिकारियों से कई बार शिकायत करने के बावजूद उसकी सुनवाई नहीं हुई। पीड़ित का कहना है कि यह एक आपराधिक साजिश के तहत किया गया, जिसमें पहले उससे रकम वसूली गई और फिर उसकी बाइक भी हड़प ली गई।
पीड़ित ने मुकदमे में यह आशंका भी जताई है कि उसे झूठे मुकदमे में फंसाया जा सकता है। उसने बहुत हिम्मत करके पुलिस के खिलाफ आवाज उठाई है और इंसाफ की गुहार लगाई है।
इस मामले पर एसीपी खेरागढ़ प्रीता सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है और इसकी निष्पक्ष विवेचना कराई जाएगी। वहीं, आरोपी सुनील तोमर ने इन आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि पहले भी इस शिकायत पर कई बार जांच हो चुकी है और आरोप गलत हैं।
विवि युवोत्सव का दूसरा चरण 9 जनवरी से, 22 प्रतियोगिताओं में छात्र दिखाएंगे प्रतिभा
साक्षी यादव का जलवा: लगातार तीसरे साल नेशनल फुटबॉल चैम्पियनशिप में यूपी का प्रतिनिधित्व
पंजीकृत ब्रांड ‘दीप क्लासिक’ की नकल, नकली डिब्बे बनाने वाला गिरफ्तार
डॉ. मनोज यादव निर्विरोध बने आईडीए आगरा के नए अध्यक्ष
ताजमहल की सुंदरता बनी आगरावासियों के लिए अभिशाप, लोकसभा में उठी मांग
आगरा-दिल्ली हाईवे पर रोडवेज बस में ट्राले ने मारी टक्कर, यात्री बाल-बाल बचे
जेल से छूटा हिस्ट्रीशीटर, समर्थकों ने निकाला जुलूस, बाईपास जाम
मंत्री बेबी रानी मौर्य के फर्जी लेटर पैड से स्कूलों में एडमिशन का प्रयास
