प्रेमिका के घर फंदे पर लटका मिला युवक का शव, युवती की हालत गंभीर
सोनभद्र जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के रजखड़ गांव निवासी 22 वर्षीय सुनील कुमार का शव सोमवार की भोर में उसकी प्रेमिका के चोपन थाना क्षेत्र स्थित घर में फंदे से लटका मिला। इस घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है।
सूत्रों के अनुसार, उसी कमरे में प्रेमिका, जिसकी उम्र 18 वर्ष बताई जा रही है, विषाक्त पदार्थ का सेवन करने के कारण अचेत अवस्था में पाई गई। प्रेमिका ने ही किसी तरह अपने माता-पिता को घटना की सूचना दी। आनन-फानन में परिजनों ने युवती को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुनील कुमार का करीब एक वर्ष से चोपन थाना क्षेत्र की एक युवती से प्रेम संबंध था और दोनों एक साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। कुछ महीने पहले सुनील मजदूरी करने बाहर गया था और दो दिन पूर्व ही अपने घर लौटा था। रविवार को उसकी प्रेमिका उससे मिलने आई थी और रात में दोनों प्रेमिका के घर चले गए।
सूत्रों का कहना है कि रात में दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटित हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वर्तमान में पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है कि यह आत्महत्या है या फिर हत्या। दोनों के बीच हुए विवाद का कारण और पूरी घटना की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। मामले का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो पाएगा।
