पानीपत: मानसिक तनाव ने ली 33 वर्षीय युवक की जान, जहर खाकर दी आत्महत्या
पानीपत के इसराना में बलाना गांव के 33 वर्षीय देवेंद्र ने मानसिक तनाव के चलते जहरीला पदार्थ का सेवन कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। यह दुखद घटना तब सामने आई जब देवेंद्र ने खुद एनसी मेडिकल कॉलेज पहुंचकर डॉक्टरों को बताया कि उसने जहर खा लिया है। डॉक्टरों ने तुरंत उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई और उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मामले की सूचना मिलते ही इसराना पुलिस टीम मेडिकल कॉलेज पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पानीपत भेज दिया। रविवार को पुलिस ने मृतक के छोटे भाई रविंद्र की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। हेडकांस्टेबल नवीन ने बताया कि देवेंद्र कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान था। मृतक का डेढ़ साल का बच्चा है। परिवार का कहना है कि तनाव के कारण वह चुपचाप रहता था, लेकिन किसी ने अंदाजा नहीं लगाया था कि वह ऐसा कदम उठा लेगा। घटना के बाद से गांव में भी शोक का माहौल है।
