0

पलवल में थप्पड़ का कारण पूछना पड़ा भारी, कार सवार युवकों ने की जमकर मारपीट

By Nov 23, 2025

पलवल के ततारपुर गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब थप्पड़ मारने का कारण पूछना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। कार सवार कई युवक लाठी-डंडों और हथियारों से लैस होकर आए और पीड़ित के साथ जमकर मारपीट की। इतना ही नहीं, बचाने आए उसके चाचा को भी थार गाड़ी से टक्कर मार दी गई। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, ततारपुर गांव का रहने वाला प्रेम अपने चाचा के बेटे गौतम के साथ पैदल घर से ततारपुर चौक की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार तीन युवक आए, जिनमें पृथला गांव का रहने वाला अक्षय भी शामिल था। युवकों ने चलती बाइक से गौतम को थप्पड़ मार दिया। जब गौतम ने इसका कारण पूछा तो आरोपी भड़क गए और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गालियां देने लगे। उन्होंने गौतम को दस मिनट में वापस आकर सबक सिखाने की धमकी दी।

करीब डेढ़ घंटे बाद अक्षय अपने 15-20 अन्य साथियों के साथ तीन अलग-अलग गाड़ियों में सवार होकर प्रेम के घर के बाहर पहुंच गया। उनके हाथों में पिस्टल, कट्टा और डंडे थे। जैसे ही उन्होंने गौतम को देखा, उस पर लात-घूसों से हमला बोल दिया। गौतम के बचाने के शोर पर प्रेम और उसके चाचा महावीर मौके पर पहुंचे। आरोपियों ने महावीर को अपनी थार गाड़ी से टक्कर मार दी। वहीं, दीपक, विरेन, मड्डू और अन्य युवकों ने गौतम को बेरहमी से पीटा और उसे जातिसूचक गालियां देकर अपमानित किया।

गांव के लोगों के एकत्रित होने पर आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। भागते समय उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उन्होंने कोई कानूनी कार्रवाई की तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। पीड़ित ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महावीर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

गदपुरी थाना पुलिस ने प्रेम सिंह की शिकायत के आधार पर अक्षय, दीपक उर्फ बीजू, विरेन, मड्डू और 15-20 अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें