एसी कोच में जनरल यात्रियों की भीड़ से हाहाकार, Indian Railways news: यात्री बोले- महंगा टिकट लेने का क्या फायदा?
भारतीय रेलवे की कई ट्रेनों में आरक्षित टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को इन दिनों भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि जनरल टिकट वाले यात्री भी एसी कोच में घुसकर भीड़ बढ़ा रहे हैं, जिससे आरक्षित यात्रियों के लिए सीट तक मिलना मुश्किल हो गया है।
पूर्वांचल एक्सप्रेस के थर्ड एसी कोच बी-1 में यात्रा कर रहे शाहरुख सैयद ने रेलवे के एक्स हैंडल पर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कोच की गैलरी तक में खड़े यात्रियों की तस्वीरें साझा करते हुए सवाल किया कि यदि जनरल टिकट के यात्रियों के साथ ही यात्रा करनी है, तो एसी का महंगा टिकट लेने का क्या फायदा। उन्होंने बताया कि भीड़ को हटाने के लिए न तो टीटीई और न ही कोच अटेंडेंट सुन रहे हैं, जिससे आरक्षित यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है।
यात्रियों की शिकायत केवल भीड़ तक सीमित नहीं है। नई दिल्ली-दरभंगा एक्सप्रेस के एसी कोच बी-7 के यात्री रजनीश तिवारी ने कोच के शौचालयों की गंदगी को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि एक तो ट्रेन नौ घंटे से अधिक की देरी से चल रही है, ऊपर से कोच के सारे शौचालय गंदे पड़े हैं। यात्रियों पर दोहरी मार क्यों पड़ रही है। इसी तरह गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस के यात्री अंशुमान ने भी ट्रेन लेट होने और कोच के शौचालयों में गंदगी को लेकर सवाल उठाए।
यात्रियों की लगातार शिकायतों के बाद पूर्वोत्तर रेलवे के डीआरएम ने आरपीएफ को मामले की जांच करने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, यात्रियों का कहना है कि जब तक जमीनी स्तर पर टीटीई और सुरक्षाकर्मी सख्ती नहीं बरतेंगे, तब तक यह समस्या बनी रहेगी।
