OTT पर चमके टीवी के सितारे: क्रिस्टल डिसूजा से बरुण सोबती तक का सफल सफर
आज के डिजिटल युग में ओवर-द-टॉप (OTT) प्लेटफॉर्म की महत्ता काफी बढ़ गई है। यही वजह है कि फिल्म और टेलीविजन जगत के कई जाने-माने सितारे अब ओटीटी की ओर आकर्षित हो रहे हैं। टेलीविजन पर एक बड़ी पहचान स्थापित करने के बाद, क्रिस्टल डिसूजा और बरुण सोबती जैसे कई कलाकारों ने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अपनी नई पारी शुरू की है। इन कलाकारों का मानना है कि टीवी ने उन्हें अभिनय की जो सीख दी है, उसी की बदौलत वे ओटीटी पर भी अपनी छाप छोड़ने में कामयाब हुए हैं।
विश्व टेलीविजन दिवस के अवसर पर, कई सितारों ने टीवी से ओटीटी तक की अपनी यात्रा साझा की। ‘कोटा फैक्ट्री’ जैसी वेब सीरीज में नजर आए अभिनेता राजेश कुमार ने बताया कि वह पिछले 26-27 सालों से अभिनय कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “पिछले छह-सात साल को अगर छोड़ दें तो उससे पहले मैं टीवी पर ही काम कर रहा था। मेरा लक्ष्य कोई बड़ा हीरो बनना नहीं था, बल्कि मैं खुश था कि मुझे महीने के 30 दिन लगातार काम मिल रहा था और उसके बदले पैसे भी मिल रहे थे। उस समय टीवी पर भी क्वालिटी काम हो रहा था।” उन्होंने आगे कहा कि फिल्म में छोटा रोल करने से बेहतर था टीवी पर लगातार काम करना। टीवी के हर घर तक पहुंचने के कारण ही अन्य निर्देशकों की नजर उन पर पड़ी और ओटीटी व फिल्मों के रास्ते खुले।
राजेश कुमार के अनुसार, ओटीटी पर अच्छा काम करने के पीछे टीवी की ट्रेनिंग का बहुत बड़ा हाथ है। उन्होंने समझाया, “टीवी की वजह से हमारी सतर्कता बढ़ जाती है, हम माहौल को जल्दी अपना लेते हैं। लाइट्स, मार्क्स, फोकस जैसी चीजें हम आसानी से समझ जाते हैं। डेडलाइन पर काम खत्म करना भी हम टीवी से सीखते हैं।” सीरीज की शूटिंग के दौरान माहौल भले ही आरामदायक होता है, लेकिन वे वैनिटी वैन में आराम करने के बजाय समय का सदुपयोग करना जानते हैं।
टीवी के कंटेंट को लेकर अक्सर यह कहा जाता है कि वह पिछड़ा हुआ है। हालांकि, ओटीटी पर सक्रिय रूप से काम कर रहीं अभिनेत्री क्रिस्टल डिसूजा इस बात से इत्तेफाक नहीं रखतीं। उन्होंने कहा, “टीवी से दूरी बनाने का कारण इसका कंटेंट बिल्कुल नहीं है। मैं ओटीटी पर ज्यादा इसलिए काम कर रही हूं क्योंकि वहां टीवी के मुकाबले समय और ऊर्जा कम लगती है।” क्रिस्टल ने यह भी स्पष्ट किया, “मैंने टीवी पर कभी कोई रूढ़िवादी शो नहीं किया और न ही कभी बेचारी बहू का रोल निभाया। ओटीटी पर जाने का मेरा मुख्य कारण कुछ अलग करने की चाह थी। एक ही तरह के रोल करते-करते काम करने का मजा खत्म हो रहा था।” उन्होंने कहा कि आज वे ओटीटी पर जिन तरह के किरदार निभा पा रही हैं, उनके बारे में उन्होंने दस साल पहले सोचा भी नहीं था।
‘असुर’ और ‘कोहरा’ जैसी वेब सीरीज से दर्शकों का दिल जीतने वाले अभिनेता बरुन सोबती ने भी टीवी पर काफी काम किया है। बरुन का कहना है, “टीवी ने मुझे रोज लोगों के सामने आने का मौका दिया, जिससे मैं बतौर कलाकार सिक्योर हुआ।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि हर कलाकार का अपना एजेंडा होता है – किसी को पैसा और प्रसिद्धि चाहिए, तो किसी को कुछ और। “मुझे इस पेशे में टिके रहना था, जो टीवी की वजह से संभव हुआ।” बरुन आज भी बहुत ज्यादा काम नहीं करते, लेकिन पैसों को लेकर स्थिरता उन्हें टीवी से ही मिली है।
