ईरान में बच्चों की शहादत पर कानपुर की आरजू ने दी सोने की बालियां, बच्चों ने भेजी ईदी
ईरान में इजरायली हमले में मारे गए बच्चों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कानपुर की 10वीं की छात्रा आरजू फातिमा ने अपनी सोने की बालियां दान कर दीं। इस पहल में कई अन्य बच्चों ने भी अपनी ईदी की धनराशि और गुल्लक तोड़कर एकत्रित किए पैसे भेजकर मदद का हाथ बढ़ाया है। ऑल इंडिया शिया युवा यूनिट के एक प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली स्थित ईरान दूतावास में जाकर 3.50 लाख रुपये की धनराशि दान स्वरूप भेंट की।
यह प्रतिनिधिमंडल ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई के भारत में प्रतिनिधि अयातुल्ला हकीम इलाही से मिलने ईरानी कल्चर हाउस पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने ईरान के हालिया नुकसान पर दुख व्यक्त किया और भारत-ईरान के पुराने संबंधों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मुश्किल समय में दोनों देश हमेशा एक-दूसरे के साथ खड़े रहे हैं। आरजू फातिमा की बालियों के दान का विशेष उल्लेख करते हुए, उन्होंने बताया कि यह राशि मिनाब के स्कूल में शहीद हुए बच्चों के परिवारों को आर्थिक मदद के तौर पर भेजी गई है। इस राशि को इकट्ठा करने में बच्चों की ईदी और गुल्लक के पैसे का बड़ा योगदान रहा।
