इंस्टाग्राम पर ‘आर्यन’ बनकर किशोरी से दुष्कर्म, लव जिहाद का शक
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहाँ जुनैद नामक एक युवक ने अपना नाम और धर्म छिपाकर एक नाबालिग छात्रा को अपनी हवस का शिकार बनाया। युवक ने इंस्टाग्राम पर ‘आर्यन राजपूत’ के नाम से फर्जी आईडी बना रखी थी, जिसके जरिए उसने छात्रा को प्रेमजाल में फंसाया।
घटना की शुरुआत 12 नवंबर को हुई, जब छात्रा स्कूल जाने के बहाने घर से निकली, लेकिन वह स्कूल पहुंची ही नहीं। शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो पता चला कि राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के पिलाना क्षेत्र के महानंदपुर दोयडा निवासी जुनैद ने छात्रा से दोस्ती की थी।
जांच में यह भी सामने आया कि जुनैद ने अपना नाम और धर्म बदलकर छात्रा को धोखा दिया था। वह खुद को हिंदू बताकर छात्रा से बातचीत करता रहा और उसे अपने जाल में फंसाया। इसके बाद उसने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया।
आरोपी युवक के मुस्लिम होने की बात सामने आने के बाद पुलिस इस मामले में लव जिहाद के एंगल से भी गहनता से जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी जुनैद को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके।
