जनता सेवा बसों पर अब दिखेंगे खास रंग, यात्रियों को रूट पहचानने में होगी आसानी!
बदायूं जिले में मुख्यमंत्री जनता सेवा बसों के संचालन को और सुगम बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अब इन बसों का एक विशेष कलर कोड होगा, जिससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक जाने वाली बस को पहचानने में आसानी होगी। नारंगी रंग की इन बसों पर सफेद रंग के बोर्ड पर लाल अक्षरों में गंतव्य का नाम लिखा जाएगा।
यह पहल विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को ध्यान में रखकर की गई है। कई बार ग्रामीण क्षेत्रों में यात्रियों को बस स्टॉप पर पहुँचने के बाद यह पता नहीं चल पाता कि कौन सी बस उनके गंतव्य की ओर जा रही है। इस नई व्यवस्था से यात्रियों को किसी से पूछने की आवश्यकता नहीं होगी। वे बस के ऊपर लगे डेस्टिनेशन बोर्ड को देखकर आसानी से अपनी बस की पहचान कर सकेंगे और उसमें सवार हो सकेंगे।
मुख्यमंत्री जनता सेवा बसें जिले के पांच विभिन्न रूटों पर चलाई जा रही हैं। इनका किराया अनधिकृत (डग्गामार) वाहनों से काफी कम है, जिससे यात्रियों को आर्थिक राहत भी मिल रही है। ये बसें जिला मुख्यालय से शुरू होकर कस्बों और गांवों से होते हुए अंतिम गांव तक पहुँचती हैं, जिससे दूरदराज के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को भी परिवहन की सुविधा मिल रही है।
परिवहन निगम न केवल इन बसों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने का प्रयास कर रहा है, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित और समयबद्ध यात्रा का अनुभव भी प्रदान कर रहा है। लोगों को इन बसों के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करने हेतु जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। एआरएम राजेश पाठक ने बताया कि कलर कोड और डेस्टिनेशन बोर्ड की यह नई व्यवस्था यात्रियों की सुविधा को देखते हुए लागू की गई है, जिससे यात्रा और भी सुविधाजनक हो जाएगी।
