सर्दियों में भी आसानी से जमेगा गाढ़ा दही, मास्टरशेफ पंकज भदौरिया ने बताई शानदार ट्रिक | lifestyle news
सर्दियों का मौसम आते ही रसोई से जुड़े कई कामों में बदलाव आ जाता है। इनमें सबसे आम समस्या ठंड के दिनों में घर पर गाढ़ा दही जमाने की होती है। तापमान कम होने के कारण दूध में मौजूद अच्छे बैक्टीरिया ठीक से काम नहीं कर पाते, जिससे दही या तो पतला रह जाता है या फिर जमता ही नहीं है। गर्मियों की तरह ठंड में यह प्रक्रिया अपने आप पूरी नहीं होती।
इस समस्या का बहुत ही सरल समाधान मास्टरशेफ पंकज भदौरिया ने साझा किया है। उनके अनुसार, सर्दियों में दही जमाने के लिए तापमान का सही संतुलन बहुत जरूरी है। इसके लिए सबसे पहले दूध को हल्का गुनगुना यानी इतना गर्म करें कि उंगली सह सके। अब इसमें एक चम्मच गाढ़ा जामन अच्छी तरह मिला लें।
इस ट्रिक का सबसे अहम हिस्सा बर्तन को सही जगह रखना है। जामन मिलाने के बाद दही के बर्तन को खुले में या फ्रिज में रखने के बजाय सीधे घर में रखे आटे के डिब्बे के अंदर रख दें। आटे का डिब्बा प्राकृतिक रूप से इंसुलेशन का काम करता है और बर्तन को बाहर की ठंडक से बचाता है। रातभर डिब्बे के अंदर रहने से दही को सही गर्माहट मिलती है और सुबह तक एकदम गाढ़ा और मलाईदार दही तैयार हो जाता है।
