योगी सरकार की ‘सक्सेस स्टोरी’ जन-जन तक पहुंचाएं: CM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शुरू होने वाले एक माह के ‘सेवा संकल्प’ अभियान को केवल सेवा कार्यक्रमों तक सीमित न रखकर, केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलाव की ‘सक्सेस स्टोरी’ को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनाया जाए। यह बात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सेवा संकल्प अभियान की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बने परिवारों, नौकरी पाने वाले युवाओं तथा बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं से लाभांवित लोगों की वास्तविक कहानियां ही बदलते भारत और बदलते उत्तर प्रदेश की सबसे प्रभावी तस्वीर हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को प्रदेश के प्रत्येक चिकित्सालय में जनप्रतिनिधियों, संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा फल वितरण किया जाएगा। हर जनपद में दिव्यांगजनों के लिए कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण के बड़े शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।
विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी संवेदनाएं माफिया के साथ हैं, जबकि सरकार गरीबों, दलितों और बेटियों की सुरक्षा के लिए काम करती है। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में अयोग्यों को चेयरमैन बनाया जाता था और नौकरियों की सौदेबाजी होती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से युवाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें वर्ष 2014 से पहले और 2017 से पहले की स्थिति तथा आज के बदलावों के बारे में तथ्यों के साथ बताने का आग्रह किया।
