फरीदाबाद में फरीदाबाद स्टेशन पर नहीं रुकेंगी मालवा एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें, जानें कारण
दिल्ली रेल मंडल में हजरत निजामुद्दीन–पलवल रेलखंड पर फरीदाबाद स्टेशन के पुनर्विकास का कार्य तेजी से चल रहा है। इस परियोजना के तहत प्लेटफॉर्म संख्या 2 एवं 3 तथा लाइन संख्या 4 एवं 5 पर पावर एवं ट्रैफिक ब्लॉक लिया जा रहा है। इस ब्लॉक के कारण यात्री सुविधा और परिचालन को सुचारू बनाए रखने के लिए कई ट्रेनों के समय-सारणी और ठहराव में अस्थायी बदलाव किए गए हैं।
इस बदलाव के चलते, डाउन की 12919 मालवा एक्सप्रेस 31 अगस्त से 14 अक्तूबर तक, 12615 जीटी एक्सप्रेस 30 अगस्त से 13 अक्तूबर तक, 14309 उज्जैनी एक्सप्रेस 31 अगस्त से 14 अक्तूबर तक, 18477 उत्कल एक्सप्रेस 30 अगस्त से 13 अक्तूबर तक, 12625 केरल सुपरफास्ट एक्सप्रेस 30 अगस्त से 13 अक्तूबर तक, और 14621 नांदेड–फिरोजपुर कैंट एक्सप्रेस 31 अगस्त से 14 अक्तूबर तक फरीदाबाद स्टेशन पर नहीं रुकेंगी। इसके अतिरिक्त, 11077 पुणे–जम्मूतवी झेलम एक्सप्रेस भी 31 अगस्त से 14 अक्तूबर तक इस स्टेशन पर नहीं ठहरेगी।
इसी प्रकार, अप दिशा की ओर जाने वाली ट्रेनों में भी बदलाव किए गए हैं। 12138 पंजाब मेल 31 अगस्त से 14 अक्तूबर तक, 11450 श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा–जबलपुर एक्सप्रेस 31 अगस्त से 14 अक्तूबर तक, 16032 अंडमान एक्सप्रेस 31 अगस्त से 14 अक्तूबर तक, 16318 हिमसागर एक्सप्रेस 31 अगस्त से 14 अक्तूबर तक, और 11842 कुरुक्षेत्र–खजुराहो गीता जयंती एक्सप्रेस 1 सितंबर से 15 अक्तूबर तक फरीदाबाद स्टेशन पर नहीं रुकेंगी। वहीं, 12920 मालवा एक्सप्रेस, 14622 फिरोजपुर कैंट–नांदेड एक्सप्रेस, और 19308 ऊना हिमाचल–इंदौर जंक्शन एक्सप्रेस भी 1 सितंबर से 15 अक्तूबर तक फरीदाबाद में नहीं रुकेंगी।
यह अस्थायी बदलाव यात्रियों के लिए कुछ असुविधाजनक हो सकता है, लेकिन फरीदाबाद स्टेशन के आधुनिकीकरण और बेहतर यात्री सुविधाओं के लिए यह आवश्यक कदम है। रेलवे प्रशासन यात्रियों से सहयोग की अपील करता है और यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेनों की स्थिति की जानकारी लेने का सुझाव देता है।
