लखनऊ विश्वविद्यालय की अदिति पटेल ने जीता सिविल इंजीनियरिंग क्विज, राष्ट्रीय फाइनल में बनाई जगह
लखनऊ विश्वविद्यालय की सिविल इंजीनियरिंग की अंतिम वर्ष की छात्रा अदिति पटेल ने ‘अल्ट्राटेक इंडिया नेक्स्ट स्टिमुलस सिविल इंजीनियरिंग क्विज’ के सेंट्रल जोन फाइनल में शीर्ष स्थान हासिल किया है। इस शानदार प्रदर्शन के बलबूते उन्होंने राष्ट्रीय फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। आदित्य बिड़ला समूह की अल्ट्राटेक सीमेंट द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का सेंट्रल जोन फाइनल प्रयागराज में हुआ, जहां अदिति ने अपनी विषय-समझ और सटीक उत्तरों से सभी को प्रभावित किया।
इस जीत के लिए अदिति को 20 हजार रुपये नकद, एक ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र से सम्मानित किया गया। अब वह सेंट्रल जोन का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर देश के अन्य शीर्ष विजेताओं के साथ प्रतिस्पर्धा करेंगी। विश्वविद्यालय के डीन प्रो. सतेंद्र पाल सिंह और कुलपति प्रो. जे. पी. सैनी ने अदिति को बधाई दी है और राष्ट्रीय स्तर पर भी उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद जताई है। अदिति की इस सफलता ने विश्वविद्यालय और सिविल इंजीनियरिंग विभाग में खुशी की लहर दौड़ा दी है।
