नयनतारा की कुल संपत्ति ₹200 करोड़, आलीशान बंगले और प्राइवेट जेट की मालकिन
दक्षिण भारतीय सिनेमा की ‘लेडी सुपरस्टार’ के नाम से मशहूर अभिनेत्री नयनतारा आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। अपनी दमदार एक्टिंग और महिला-केंद्रित फिल्मों के लिए जानी जाने वाली नयनतारा ने इंडस्ट्री में एक खास मुकाम हासिल किया है। हाल ही में शाहरुख खान के साथ फिल्म ‘जवान’ में नजर आईं नयनतारा की व्यावसायिक सफलता के साथ-साथ उनकी निजी संपत्ति के चर्चे भी ज़ोरों पर हैं।
सूत्रों के अनुसार, अभिनेत्री की कुल संपत्ति लगभग ₹200 करोड़ रुपये है। इस दौलत में चेन्नई में स्थित उनका ₹100 करोड़ का आलीशान बंगला भी शामिल है, जो सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस है। इसके अलावा, नयनतारा का मुंबई में एक लग्जरी फ्लैट भी है, जिसमें एक प्राइवेट सिनेमा रूम, स्विमिंग पूल और फिटनेस सेंटर जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। हैदराबाद में भी उनका ₹30 करोड़ का एक फ्लैट है।
नयनतारा को महंगी गाड़ियों का भी शौक है। उनके पास ₹1.76 करोड़ की एक कार है, जबकि उनकी दूसरी कार की कीमत ₹1 करोड़ बताई जाती है। इन सबके अलावा, नयनतारा के पास लगभग ₹50 करोड़ का एक प्राइवेट जेट भी है, जो उनकी शाही जीवनशैली का प्रमाण है। उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के बाहर भी निवेश किया है, जिसमें एक लिप बाम कंपनी में ₹10 करोड़ का निवेश भी शामिल है।
अपने पति विग्नेश शिवन के साथ मिलकर नयनतारा ‘राउडी पिक्चर्स’ नाम से एक प्रोडक्शन कंपनी भी चलाती हैं।
नयनतारा ने अपने करियर की शुरुआत 2003 में मलयालम सिनेमा से की थी। इसके बाद उन्होंने तमिल और तेलुगु फिल्मों में भी अपनी पहचान बनाई। हाल ही में उन्होंने हिंदी फिल्म ‘जवान’ से बॉलीवुड में भी कदम रखा है। उनके पास कई प्रोजेक्ट्स लाइनअप में हैं, जिनमें ‘टॉक्सिक’, ‘हाय’ और ‘रक्काई’ जैसी फिल्में शामिल हैं।
निजी जीवन की बात करें तो नयनतारा ने 2022 में निर्देशक विग्नेश शिवन से शादी की थी। उनकी शादी में शाहरुख खान सहित कई बड़े सितारे शामिल हुए थे। नयनतारा और विग्नेश दो जुड़वां बेटों के माता-पिता हैं, जिनका जन्म अक्टूबर 2022 में सरोगेसी के माध्यम से हुआ था।
