नशे में धुत कार ने रौंदा, सड़क किनारे सो रहे लोगों की जिंदगी दांव पर
शहर में यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं और इसका खामियाजा आम लोगों को अपनी जान देकर उठाना पड़ रहा है। आए दिन होने वाली सड़क दुर्घटनाएं इस बात का प्रमाण हैं कि शहर की यातायात व्यवस्था कितनी बिगड़ी हुई है। इसी कड़ी में बीती रात शहर के स्टेट बैंक चौराहा क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां नशे में धुत कार सवारों ने सड़क किनारे सो रहे बेगुनाह लोगों को अपनी कार से रौंद दिया।
यह घटना स्टेट बैंक चौराहा स्थित अशोक हॉस्पिटल के सामने रात करीब 11:30 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर सो रहे लोगों पर चढ़ गई। इस भीषण हादसे में ऊषा देवी (35) पत्नी अमन, जो बरेली की निवासी बताई जा रही हैं, गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके अलावा दो-तीन अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।
सूत्रों के अनुसार, दुर्घटना के तुरंत बाद कार में सवार एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे व्यक्ति को भीड़ और पुलिस ने पकड़ लिया। पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम भरतपुर का निवासी बताया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार के अंदर शराब के भरे हुए दो गिलास भी रखे हुए थे, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि कार सवार अत्यधिक नशे में थे और इसी नशे के कारण गाड़ी अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर सो रहे लोगों पर चढ़ गई।
पकड़े गए कार चालक ने पूछताछ में बताया कि वह एक शादी समारोह से लौट रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मथुरा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विनोद मिश्रा ने बताया कि फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष द्वारा तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर शहर में नशे में वाहन चलाने और यातायात नियमों की अनदेखी के गंभीर मुद्दे को उजागर करती है।
