एनसीसी ने मनाया 78वां स्थापना दिवस, एकता और अनुशासन पर दिया जोर
बिचपुरी के बैजन्ती देवी इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) ने अपना 78वां स्थापना दिवस पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस विशेष आयोजन में कॉलेज के 50 एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कैडेट्स ने एक रैली का आयोजन किया, जिसमें ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ जैसे देशभक्ति के नारे गूंजे। ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का संदेश देते हुए कैडेट्स ने राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति अपने समर्पण को दर्शाया।
एनसीसी के अधिकारी, नायक महेश कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय कैडेट कोर की स्थापना प्रशिक्षण के उद्देश्य से वर्ष 1946 में की गई थी। बाद में, वर्ष 1948 में राष्ट्रीय कैडेट कोर अधिनियम पारित किया गया, जिसके अंतर्गत देश भर के विद्यालयों में एनसीसी इकाइयों की स्थापना की गई। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि एनसीसी का मूल उद्देश्य युवाओं के भीतर अनुशासन, एकता और देशभक्ति की भावना को गहराई से विकसित करना है, ताकि वे एक जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
कॉलेज की प्रधानाचार्य, अर्चना शर्मा ने इस अवसर पर बोलते हुए कहा कि एनसीसी कैडेट्स की यह भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है कि वे अपने विद्यालय में कम से कम दस छात्रों को नैतिकता और अच्छे आचरण का पाठ पढ़ाएं। उन्होंने कैडेट्स को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया।
इस कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक तपेश शर्मा और नितेश शर्मा ने भारतीय संस्कृति को देश की अनमोल विरासत बताते हुए इसके संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय कवि पवन आगरी रहे, जिन्होंने अपने प्रेरणादायक शब्दों से कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया। उनके साथ कैलाश मंदिर के महंत गौरव गिरी, विद्यालय की संस्थापिका सुशीला शर्मा, प्रबंधक योगेश शर्मा, कौशांबी सिंह, अंकुर उदेनिया और राजेश अग्रवाल भी उपस्थित रहे, जिन्होंने एनसीसी के प्रयासों की सराहना की।
