नोएडा में प्रदूषण का कहर जारी, AQI 400 के करीब पहुंचा
नोएडा में प्रदूषण का स्तर लगातार चिंताजनक रूप से बढ़ रहा है, जिससे शहर की हवा की गुणवत्ता बेहद खराब हो गई है। सोमवार को शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 398 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। वहीं, ग्रेटर नोएडा का AQI 384 रहा। यह स्थिति देश के सबसे प्रदूषित शहरों में नोएडा को दूसरे स्थान पर ले आई है।
प्रदूषण के बढ़ते स्तर के पीछे कई कारण बताए जा रहे हैं। सड़कों पर फैले मिट्टी के ढेर और नोएडा प्राधिकरण के वेंडर्स द्वारा पाइपलाइन बिछाने के लिए चल रहे खुदाई कार्य को प्रमुख वजह माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, जिम्मेदार विभाग भी प्रदूषण नियंत्रण के उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने में नाकाम साबित हो रहे हैं। सुबह से रात तक आसमान में प्रदूषण की एक मोटी परत छाई रहती है, जिससे लोगों को सांस लेने में कठिनाई हो रही है।
प्रदूषण के कारण जिला अस्पताल में अस्थमा अटैक और सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्याओं से जूझ रहे मरीजों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है। ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप)-3 के तहत लागू किए गए प्रतिबंधों के बावजूद शहर में निर्माण कार्य बेरोकटोक जारी हैं। विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई कागजों तक ही सीमित दिख रही है, जिससे लोगों में इसका खौफ खत्म हो गया है। विशेष रूप से दिल्ली से सटे सेक्टरों, जैसे सेक्टर 1, 125 और 116 में हवा की गुणवत्ता अत्यंत खराब है। हवा में पीएम-2.5 और पीएम-10 कणों की अधिकता और सुस्त हवाओं का चलना इस स्थिति को और भी खतरनाक बना रहा है।
इन सबके बावजूद, विभाग ने कुछ स्थानों पर कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया है। सेक्टर 136 में पाइपलाइन खुदाई और मिट्टी के ढेर पाए जाने पर 30 हजार व 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसी सेक्टर के प्लाट संख्या 170 में निर्माण कार्य जारी पाए जाने पर 50 हजार रुपये और सेक्टर 83 में निर्माण कार्य पर 60 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
मौसम की बात करें तो सोमवार रात का तापमान नवंबर माह में पहली बार 8.1 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जिससे रात में ठंडक बढ़ गई। ठंडी हवाओं के चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जबकि दिन का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा।
नोएडा: लिफ्ट में फंसा बच्चा, सुरक्षाकर्मी सोता रहा, वीडियो वायरल
नोएडा की सड़कें बनीं जानलेवा, 2000 किमी पर मिट चुकी लेन मार्किंग
नोएडा में ट्रांसफार्मर तेल चोरी का गिरोह सक्रिय, दो इलाकों में वारदात, विद्युत निगम को भारी नुकसान
यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: 50 यात्री घायल, तीन की हालत गंभीर
हाई कोर्ट ने नोएडा प्राधिकरण से मांगे पवेलियन कोर्ट के लेआउट प्लान के मूल दस्तावेज
