नदिया सीमा पर बीएसएफ और बांग्लादेशी तस्करों में मुठभेड़, एक तस्कर ढेर
पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर शनिवार रात को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों और बांग्लादेशी तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बांग्लादेशी तस्कर ढेर हो गया। सूत्रों के अनुसार, यह घटना मतियारी सीमा चौकी के निकट हुई, जहाँ बीएसएफ जवानों ने कुछ भारतीय तस्करों को सीमा पार प्रतिबंधित सामान फेंकते हुए देखा।
जब बीएसएफ जवानों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो दूसरी ओर से इंतजार कर रहे बांग्लादेशी तस्कर धारदार हथियारों से लैस होकर आक्रामक हो गए और जवानों पर हमला कर दिया। तस्करों के जानलेवा हमले के बावजूद बीएसएफ जवानों ने संयम बनाए रखा। आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में एक बांग्लादेशी तस्कर गोली लगने से मारा गया। बाकी तस्कर घबराकर वापस बांग्लादेश की ओर भाग गए।
घटनास्थल से बीएसएफ जवानों ने एक कटर, चार धारदार हथियार, 96 बोतलें फेंसेडिल कफ सिरप और दो बोतलें विदेशी शराब बरामद की हैं। बीएसएफ अधिकारियों ने बताया कि तस्करों ने घायल साथी को लगभग 50-60 मीटर तक घसीटने की कोशिश की, लेकिन जलभराव वाले क्षेत्र के कारण वे उसे और सामान वहीं छोड़कर भाग निकले।
बाद में, घायल तस्कर को कृष्णागंज अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृत तस्कर का शव और बरामद सामान स्थानीय पुलिस को सौंप दिए गए हैं, और मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बीएसएफ ने इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि सीमा पार से घुसपैठ और तस्करी के प्रयास लगातार बढ़ रहे हैं। बीएसएफ ने सीमा पार से होने वाले ऐसे हमलों और तस्करों की घुसपैठ के मुद्दे को सीमा सुरक्षा बल (बीजीबी) के समक्ष कई बार उठाया है। दुर्भाग्यवश, अपेक्षित कार्रवाई की कमी के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। बीएसएफ ने स्पष्ट किया है कि वह देश की सीमाओं की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाने को प्रतिबद्ध है और किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
